क्रिकेट

टीम अनाउंसमेंट के कुछ घंटों के बाद ही मोहम्मद शमी ने ली हैट्रिक, नहीं मिला था मौका

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को टीम इंडिया में वापसी के लिए अब भी इंतजार करना होगा, लेकिन इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे को लेकर टीम इंडिया की घोषणा के कुछ घंटो बाद ही उन्होंने टी20 में हैट्रिक ली।

Image

मोहम्मद शमी (साभार-X)

शनिवार को चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की मौजूदगी में चार अलग-अलग टीमों का ऐलान किया गया, लेकिन दुर्भाग्य यह रहा कि किसी भी टीम में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम नहीं था। शमी इससे निराश नहीं हुए और एक दिन बाद अपने परफॉर्मेंस से जवाब दिया। भारत के ऐतिहासिक ईडेन गार्डन्स में मोहम्मद शमी ने बंगाल टी20 लीग में एक और यादगार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक ली।

बंगाल टी20 लीग के तीसरे सीजन के एक मैच में

का एक और विशेष प्रदर्शन देखने को मिला, जब इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने बंगाल टी20 लीग सीजन 3 के मैच में सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स (Siliguri Strikers) की ओर से खेलते हुए हैट्रिक ली। उन्होंने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर शाहबाज अहमद को आउट किया, इसके बाद पांचवीं और छठी गेंद पर रोहित कुमार और दिपांजन मुखर्जी को पवेलियन भेजकर अपनी हैट्रिक पूरी की। इस मुकाबले में शमी ने 27 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन का नतीजा रहा कि उनकी टीम 24 रन से जीत दर्ज करने में कामयाब रही।

पहले बल्लेबाजी करते हुए, सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने विशाल भाटी की शानदार 46 गेंदों पर खेली गई 86 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवरों में 208/4 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उनकी इस पारी में 6 छक्के और 5 चौके शामिल थे। अंत में, प्रमोद चंदिला की 16 गेंदों पर खेली गई 36 रनों की नाबाद तेज पारी ने टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए, श्रची राढ़ टाइगर्स 20 ओवर में 184/9 रन ही बना सकी। शुभम डे सीनियर (25 गेंदों में 48 रन) और राहुल प्रसाद (26 गेंदों में 44 रन) सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहे।

दिन के पहले मैच में सोबिस्को स्मैशर्स मालदा ने मुर्शिदाबाद किंग्स को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। बारिश के कारण मैच को 15-15 ओवर का कर दिया गया था, जिसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मुर्शिदाबाद किंग्स ने 134 रन बनाए। दीपांशु ने 33 गेंदों में 47 रन की पारी खेली। मालदा की ओर से सूरज सिंधु जायसवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर 3 विकेट लिए। जवाब में, रितम पोरेल (29 गेंदों में 50 रन) और अभिमन्यु ईश्वरन 31 गेंदों में 48 रन नाबाद की पारी के दम पर मालदा ने 13.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article