मुंबई: विश्व कप के शुरुआती दौर में भारतीय प्लेइंग-11 में जगह नहीं बना पाने वाले मोहम्मद शमी को जबसे खेलने का मौका मिला है वो अपनी घातक गेंदबाजी के बल पर कहर बरपा रहे हैं। मोहम्मद शमी सहित टीम इंडिया की पेस बैटरी की घातक गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका को 19.4 ओवर में महज 55 रन पर ढेर करके 302 रन के अंतर से जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारत ने विश्व कप 2023 में सात मैच में सात जीत के साथ सेमीफाइनल में एंट्री कर ली।
मोहम्मद शमी
18 रन देकर चटकाए 5 विकेट
मोहम्मद शमी ने 5 ओवर में 18 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। लगातार तीन मैच में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ शमी ने 54 रन पर 5 विकेट अपने नाम किए थे। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 22 रन देकर 4 विकेट झटके थे। शमी का यह विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। विश्व कप 2023 में शमी के 3 मैच की 3 पारियों में 14 विकेट 6.71 के औसत और 9.42 के स्ट्राइक रेट से हासिल किए हैं। विश्व कप में तीन मैच में लगातार 4 या उससे ज्यादा विकेट झटकने वाले शमी पहले भारतीय गेंदबाज हैं।
विश्व कप इतिहास के सबसे सफल भारतीय गेंदबाज
विश्व कप में शमी सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। तीन विश्व कप में खेले 14 मैच की 14 पारियों में 45 विकेट 12.91 के औसत और 4.91 की इकोनॉमी के साथ लिए हैं। 18 रन देकर 5 विकेट शमी का विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन हो गया है। शमी ने विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में जहीर खान और जवागल श्रीनाथ को पीछे छोड़ा। जहीर खान ने 23 मैच में 44 और जवागल श्रीनाथ ने 34 मैच में 44 विकेट अपने नाम किए थे।
