मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम ने गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में एंट्री की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने विराट कोहली(88), शुभमन गिल(92) और श्रेयस अय्यर(82) की शानदार पारियों की बदौलत 8 विकेट पर 357 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद श्रीलंकाई टीम को भारतीय तेज गेंदबाजों ने कहर बरपाते हुए 55 रन पर ढेर कर दिया। मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 4, मोहम्मद सिराज ने 3 और जसप्रीत बुमराह ने 1 विकेट अपने नाम किए। भारतीय टीम ने 302 रन के अंतर से जीत दर्ज की। जो कि विश्व कप इतिहास में भारत की सबसे बड़ी और किसी भी टीम की दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
विश्व कप के सेमीफाइनल में की एंट्री
भारतीय टीम की यह विश्व कप 2007 में लगातार सातवीं जीत है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका को पछाड़कर अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंच गई है। भारत लगातार सातवीं जीत के साथ विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया ने 25 अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ 309 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने से मामूली अंतर से चूक गई। हालांकि यह भारत की विश्व कप में सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले साल 2007 में बरमूडा को 257 रन के अंतर से हराया था जो उसकी विश्व कप इतिहास में सबसे बड़ी जीत थी।
शर्मनाक रिकॉर्ड से बचा श्रीलंका
श्रीलंका की टीम विश्व कप इतिहास में किसी टीम द्वारा एक पारी में बनाए सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम करने से बाल बाल बच गई। यह रिकॉर्ड कनाडा के नाम दर्ज है। कनाडा की टीम साल 2003 में पर्ल में श्रीलंका के खिलाफ 36 रन पर ढेर हो गई थी। श्रीलंका का 55 स्कोर विश्व कप इतिहास में किसी टीम द्वारा बनाया तीसरा सबसे कम स्कोर है। कनाडा की टीम विश्व कप इतिहास में इंग्लैंड के खिलाफ 1979 में मैनचेस्टर में 45 रन बनाकर ढेर हो गई थी। वहीं नामीबिया की टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पोचेफेस्ट्रोम में 45 रन बनाए थे। श्रीलंका की टीम के 19.4 ओवर में 55 रन विश्व कप इतिहास में किसी भी टीम का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
