क्रिकेट

IND vs AUS: टीम इंडिया को पंजे में फंसाकर मिचेल स्टार्क ने की ब्रेट ली और शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड की बराबरी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 19, 2023, 05:13 PM IST

Mitchell Starc Fifer: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने रविवार को विशाखापट्टनम वनडे में कहर बरपाते हुए पांच विकेट अपनी झोली में डालकर भारतीय टीम को सस्ते में ढेर कर दिया और वनडे में सबसे ज्यादा बार पांच विकेट चटकाने के मामले में तीसरे पायदान पर आ गए।

Image

मिचेल स्टार्क

Photo : AP

विशाखापट्टनम: ऑस्ट्रेलिया के बांए हाथ के धाकड़ तेज गेंदबाज मिचेस स्टार्क ने भारत के खिलाफ लगातार दूसरे मैच में कहर बरपाया। मुंबई में टीम इंडिया को टॉप ऑर्डर को 18 धराशाई करके स्टार्क ने 49 रन पर 3 विकेट अपने नाम किए थे और भारत की जीत को मुश्किल बना दिया था।

53 रन देकर चटकाए पांच विकेट

स्टार्क ने दो दिन बाद विशाखापट्टनम में स्टार्क ने उसी फॉर्म को बरकरार रखते हुए टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर को झखझोर कर रख दिया। स्टार्क ने 9 ओवर में 53 रन देकर 5 विकेट चटकाए। इसके साथ ही उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट लेने के मामले में शाहिद अफरीदी और ब्रेट ली की बराबरी कर ली। वो वनडे क्रिकेट इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा बार पांच या उससे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने शुभमन गिल, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल और मोहम्मद सिराज को अपना शिकार बनाया।

करियर में नौवीं बार झटके 5 विकेट

स्टार्क ने करियर का 109वां वनडे खेलते हुए नौवीं बार पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट अपने नाम किए। स्टार्क की बराबरी पर काबिज शाहिद अफरीदी ने 398 और ब्रेट ली ने 221 मैच में 9 बार वनडे में पांच या उससे ज्यादा विकेट चटकाए थे। स्टार्क तेजी के मामले में अफरीदी और ली से आगे निकल गए हैं।

वकार यूनिस के नाम दर्ज है वर्ल्ड रिकॉर्ड

वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा बार पांच विकेट चटकाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड पाकिस्तान के वकार यूनिस के नाम दर्ज है। उन्होने 262 मैच में 13 बार ऐसा किया था। वहीं दूसरे पायदान पर काबिज श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन 350 वनडे में 10 बार पांच विकेट चटकाने में सफल हुए थे।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article