लखनऊ सुपर जायंट्स के ओपनर मिचेल मार्श का शानदार प्रदर्शन जारी है। कोलकाता के खिलाफ मुकाबले में मिचेल मार्श अपनी पहली आईपीएल सेंचुरी से महज 19 रन से चूक गए। वह 48 गेंद में 81 रन की विस्फोटक पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें आंद्रे रसेल ने रिंकू सिंह के हाथों कैच करवाया। मार्श ने अपनी पारी में 6 चौके औप 5 छक्के लगाए। मार्करम के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे मार्श ने पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। मार्श ने निकोलस पूरन के साथ भी अर्धशतकीस साझेदारी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की।
5 पारी में चौथा अर्धशतक
मार्श इस सीजन गजब फॉर्म में हैं। यह उनकी 5 पारी में चौथा अर्धशतक है। 2010 में डेब्यू करने वाले मार्श ने 2024 तक केवल 3 बार 50 प्लस का स्कोर बनाया था, लेकिन इस बार वह अलग ही रंग में नजर आ रहे हैं। मार्श लखनऊ के टॉप स्कोरर के साथ-साथ ऑरेंज कैप की लिस्ट में भी टॉप पर आ गए थे। मार्श के नाम अब 5 पारी में 265 रन हैं जो उन्होंने 53 की औसत और 180 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से बनाई है। उनका सर्वाधिक स्कोर 81 रन है, जो उन्होंने इसी मैच में बनाए हैं। लेकिन कुछ देर बाद दोबारा निकोलस पूरन ने उनसे ऑरेंज कैंप छीन लिया।
मैच की बात करें तो मिचेल मार्श के अलावा निकोलस पूरन ने 36 गेंद में 87 रन की विस्फोटक पारी खेली। पूरन और मार्श की पारी के दम पर लखनऊ ने कोलकाता के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इन दोनों के अलावा एडेन मार्करम ने 47 रन की पारी खेली। केकेआर की ओर से हर्षित राणा ने 2 और आंद्रे रसेल ने 1 विकेट चटकाया।
