T20 World Cup 2024: भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए दूसरी बार खिताब उठाने का गौरव हासिल किया। टीम इंडिया ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को बारबडोस के केनसिंगटन ओवल मैदान पर शिकस्त दी और भारत का आईसीसी ट्रॉफी उठाने का लंबा सूखा समाप्त हो गया। टीम इंडिया की इस जीत के बाद कई नियमित आलोचक भी अब फैन बनते नजर आ रहे हैं। इसमें सबसे ऊपर नाम आता है माइकल वॉन का जिन्होंने टीम इंडिया की तारीफ के साथ-साथ अब जसप्रीत बुमराह के लिए बड़ी बात कह दी है।
'क्रिकबज' के एक कार्यक्रम के दौरान बातचीत में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी पर भी बात की और उन्हें अब तक का सबसे महान वाइट बॉल गेंदबाज करार दिया। वॉन ने बुमराह के फाइनल में प्रदर्शन को लेकर कहा, "रीजा हेंडरीक्स को पहली बॉल बेमिसाल थी। शुरुआत में उन्होंने गेंद को अंदर का एंगल दिया, लगा कि गेंद लेग स्टंप पर लगेगी लेकिन फिर गेंद स्विंग की और ऑफ स्टंप ले उड़ी। मारको येनसेन के खिलाफ भी उन्होंने कुछ ऐसा ही कर दिखाया। वो बल्लेबाजों पर नजर रखता है कि कब और किन गेंदों पर वो शॉट खेल रहे हैं। कई बार बल्लेबाज को बाहर की तरफ गेंद करके रूम देता है और फिर उसके बाद एक शानदार स्लोअर गेंद भी होती है जो अद्भुत है। मैं इमानदारी से मानता हूं कि वो सफेद गेंद से खेलने वाला अब तक का सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज है।"
वॉन इस दौरान पाकिस्तान के पूर्व महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम को भी नजरअंदाज करने से नहीं चूके, उन्होंने कहा, "अगर आप मुझे उससे बेहतर तेज गेंदबाज बता सकते हैं तो बताइए। मुझे पता है कि वसीम अकरम खास थे और उनके अलावा कई अन्य भी। लेकिन मुझे लगता है उसके (बुमराह) पास शानदार एक्शन है और बेहतरीन पेस मौजूद है। उसके पास हर तरह का कौशल मौजूद है और वो ऐसा दबाव की स्थिति में आए दिन करता रहता है। ये सिर्फ वर्ल्ड कप के एक दो मैचों की बात नहीं है। ये लगभग हर अगले मैच में हुआ है।"
