Mayank Yadav Debut: ग्वालियर में खेले जा रहे भारत और बांग्लादेश के बीच पहले टी20 मुकाबले में भारत की ओर से तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपना टी20 डेब्यू कर लिया। उन्हें भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज मुरली कार्तिक ने डेब्यू कैप सौंपी। वह टी20 क्रिकेट में भारत के लिए खेलने वाले 117वें नंबर के खिलाड़ी बने हैं। इस मुकाबले में उनके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी ने भी अपना डेब्यू किया। भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का मिला ईनाम
अपनी रफ्तार से आईपीएल 2024 में बल्लेबाजों की नाक में दम करने वाले मयंक यादव को आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने का ईनाम मिला है। उन्होंने 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया था। मयंक ने केवल 4 मैच में 12.14 की औसत और 6.99 की इकोनॉमी से 7 विकेट चटकाए थे।
