IND vs NZ Final: साउथ अफ्रीका को 50 रन से पटखनी देकर न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी करे फाइनल में जगह बना ली, जहां रविवार को उसका सामना टीम इंडिया से होगा। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया लगातार तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है तो न्यूजीलैंड का यह तीसरा चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड 2000 और 2009 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची थी। साल 2000 में उसने भारत को 4 विकेट से हराकर पहली बार आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की है। अब 25 साल बाद एक बार फिर दोनों टीमें चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में है।
भारत और न्यूजीलैंड, चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल (साभार-X)
हालाकि, आईसीसीसी के नॉकआउट मुकाबलों की बात करें को न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रहा है। अब तक दोनों टीम 4 बार एक दूसरे नॉकआउट में भिड़ी है, जिसमें से 3 बार बाजी कीवियों के हाथ लगी है। टीम इंडिया के लिए एक अच्छी बात यह है कि वह रोहित की लीडरशिप में न्यूजीलैंड से आईसीसी इवेंट में एक भी मुकाबला नहीं हारी है।
आईसीसी नॉकआउट में चार बार भिड़ चुकी है दोनों टीम
आईसीसी के नॉकआउट में दोनों टीम चार बार भिड़ी है। वनडे वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल मुकाबलों को छोड़ दें तो हर बार बाजी न्यूजीलैंड के हाथ लगी है। 2023 सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया ने 70 रन से मुकाबला अपने नाम किया था। इससे पहले साल 2000 में जब चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में दोनों भिड़ी थी तो न्यूजीलैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके अलावा 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल और वर्ल्ड टेस्ट चैपियनशिप के फाइनल में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था।
फाइनल से पहले भारत के लिए गुड न्यूज
दुबई में होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए एक गुड न्यूज सामने आई है। दरअसल साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच के दौरान तेज गेंदबाज मैट हेनरी 29वें ओवर के दौरान चोटिल हो गए थे। हेनरिक क्लासेन का कैच लेने के दौरान हेनरी का कंधा मुड़ गया था, जिसके फौरन बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। हालांकि, इसके बाद वह दोबारा मैदान पर लौटे और 2 ओवर की गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने कगिसो रबाडा को आउट किया। हेनरी ने 7 ओवर में 43 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे।
इससे पहले जब चैंपियंस ट्रॉफी के आखिरी लीग मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीम भिड़ी थी तो मैट हेनरी ने भारतीय बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा परेशान किया था। हेनरी ने 10 ओवर की गेंदबाजी कर 5 विकेट चटकाए थे और भारतीय बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी थी, लेकिन फाइनल में उनके खेलने पर सस्पेंस बरकरार है।
मैट हेनरी की इंजरी पर क्या बोले सैंटनर
मैट हेनरी की चोट कितनी गंभीर है और क्या वह भारत के खिलाफ फाइनल मैच में उपलब्ध रहेंगे या नहीं, इसको लेकर सैंटनर ने अपडेट दिया है। सैंटनर ने कहा 'मैट हेनरी के कंधे की स्थिति कैसी है, यह देखने के लिए हमें इंतजार करना होगा। फिलहाल उनके कंधे में थोड़ा दर्द है, हमें कुछ दिन इंतजार करना होगा और देखना होगा। सैंटनर के इस बयान से लगता है कि मैट हेनरी के फाइनल खेलने पर सस्पेंस है और अगर ऐसा होता है तो भारत के खिलाफ इस अहम मुकाबले में न्यूजीलैंड को एक मैच विनर के बिना उतरना होगा।
