मुंबई के वानखेड़े में जो मोहम्मद शमी ने किया वो रोज-रोज तो नहीं होता, तभी शायद उनके इस धारदार गेंदबाजी से टीम इंडिया को चौथी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जब टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के सामने 398 रन का लक्ष्य रखा तो लगा कि काम आसान हो गया, लेकिन डेरेल मिचेल और केन विलियमसन ने जल्द ही बता दिया कि इस पिच पर कोई भी लक्ष्य सुरक्षित नहीं।
वो तो भला हो मोहम्मद शमी का जिसने न केवल कीवियों से 4 साल पहले का बदला लिया बल्कि एक अकेले भारी पड़े। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शमी के इस गेंदबाजी के बारे में एक शख्स ने एक दिन पहले ही लिख दिया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ट्वीट में डॉन माटियो नाम के एक यूजर ने 14 नवंबर को लिखा 'एक सपना देखा जहां सेमीफाइनल मुकाबले में शमी ने 7 विकेट लिए हैं और 24 घंटे से भी कम वक्त में उनका यह सपना सच हो गया।
ट्वीट ने मचाई खलबली
मोहम्मद शमी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 ओवर की गेंदबाजी में 7 विकेट लिए और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। इसके बाद फिर क्या था सोशल मीडिया पर यह ट्वीट तेजी से वायरल हो गया। 1.7 मिलियन लोगों ने इस ट्वीट को देखा और 17 हजार से ज्यादा ने री-ट्वीट किया। लगभग 3 हजार लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया भी दी।
