आज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2023) में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच दिन का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। दोनोंं टीमों का ये सीजन का पहला मैच होगा। लखनऊ की कमान एक बार फिर केएल राहुल के हाथों में होगी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स अपने चोटिल कप्तान ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में डेविड वॉर्नर की कप्तानी में खेलती नजर आएगी। ये मुकाबला शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा।
कैसी होगी लखनऊ की पिच? (LSG vs DC Lucknow Pitch Report)
लखनऊ के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स और मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होने वाले मैच में पिच पर भी सबकी नजरें टिकी रहेंगी। इस मैदान पर अब तक खेले गए 6 टी20 मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने पांच मैच जीते हैं जिससे समझा जा सकता है कि टॉस जीतकर क्या करना यहां सही रहेगा। यहां बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आ सकते हैं जबकि गेंदबाज हावी रहेंगे।
आज कैसा होगा लखनऊ का मौसम? (Lucknow weather forecast today)
लखनऊ के मौसम पर भी सबकी नजरें रहने वाली हैं। भारत के इस हिस्से में इन दिनोंं अचानक कई शहरों में बारिश होती आई है और इसी का डर टीमों व फैंस को भी होगा। शुक्रवार को लखनऊ में पूरा दिन घने बादल छाए रहे जबकि शनिवार को यहां बारिश का अनुमान है। उम्मीद की जा रही है कि बारिश तो होगी लेकिन शायद कुछ देर के लिए। मैच में बाधा आ सकती है लेकिन खेल पूरा हो सकता है। तापमान की बात करें तो शनिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।
