लीजेंड्स लीग क्रिकेट (LLC) के दौरान दो पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) और एस श्रीसंत (S Sreesanth) के बीच मैदान पर मैच के दौरान हुई कहासुनी के बाद एस श्रीसंत को लीगल नोटिस जारी किया गया है। गौरतलब है कि इंडिया कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के बीच हुए मुकाबले के दौरान गंभीर और श्रीसंत के बीच कुछ अनबन हुई थी जिसके बाद श्रीसंत ने सोशल मीडिया पर गंभीर के खिलाफ बोलते हुए कुछ वीडियो भी जारी किए थे।
एस श्रीसंत ने गौतम गंभीर के साथ इस झगड़े के बाद सोशल मीडिया के बाद कुछ वीडियो जारी किए थे जिसमें उन्होंने गौतम गंभीर के खिलाफ काफी तीखी टिप्पणी की थीं और ये भी आरोप लगाया था कि गंभीर ने उनको मैच के दौरान कई बार 'फिक्सर' बोला।
इस मामले का संज्ञान लेते हुए लीजेंड्स लीग क्रिकेट के आयोजकों ने श्रीसंत को लीगल नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही गंभीर से बोला गया है कि वो अपने सभी वीडियो सोशल मीडिया से तुरंत हटाएं उसी के बाद तभी कुछ बातचीत के रास्ते खुलेंगे वर्ना नहीं।
अंपायरों ने भी गौतम गंभीर-श्रीसंत विवाद को लेकर मैच के बाद अपनी रिपोर्ट जमा की थी जिसमें 'फिक्सर' शब्द का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। अब क्रिकेट फैंस को गंभीर और श्रीसंत की प्रतिक्रियाओं का इंतजार है।
