Kranti Gaud: लॉर्ड्स टेस्ट में 5 विकेट लेकर इतिहास रचने वाली क्रांति गौड़ ने कहा कि ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराना उनके और परिवार के लिए बहुत गर्व की बात है। यह उनके लिए बिल्कुल अलग अहसास है। हर गेंदबाज का सपना होता है पांच विकेट लेना। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए 22 साल की क्रांति ने कहा, "यह मेरे लिए पूरी तरह से अलग अहसास है। लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम दर्ज कराने वाली पहली महिला बनने पर मुझे बहुत गर्व है। यह मेरे परिवार के लिए भी गर्व की बात है।"उन्होंने आगे कहा, "प्रत्येक गेंदबाज का सपना होता है कि वह पांच विकेट हासिल करे। हम पहली बार लॉर्ड्स में खेल रहे हैं, इसलिए मैं सोच रही थी कि अगर मैं पांच विकेट लेने में सफल रही तो सम्मान पट्टिका पर अपना नाम दर्ज करा सकती हूं और इससे टीम की जीत में भी मदद कर सकती हूं।"
पांचवें विकेट का किस्सा
लॉरेन बेल को आउट करके पांचवां विकेट लेने पर क्रांति ने बताया, "जो भी होता है अच्छे के लिए होता है। आज मुझे ऐसा लग रहा था कि मैं पांच विकेट ले लूंगी। स्नेह राणा ने पहली स्लिप पर कैच के लिए वास्तव में अच्छा प्रयास किया था। जब वह उसे नहीं पकड़ पाई तो शेफाली ने उसे लपक लिया। मैं अपने पांच विकेट पूरे होने का जश्न मनाने वाली थी, लेकिन मेरे साथियों ने मुझे रिप्ले और फैसले का इंतजार करने को कहा।" क्रांति ने कहा, "यह अहसास बेहद खास है। मैंने इससे पहले वनडे में पांच विकेट लिए हैं, लेकिन टेस्ट मैच में मैंने पहली बार ऐसा किया। मुझे लगता है कि मैं इससे भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती हूं। इंग्लैंड की पिचें तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल हैं और इससे मदद मिली।"
क्रांति का ऐतिहासिक प्रदर्शन
क्रांति ने 17 ओवर में 7 मेडन डालते हुए 37 रन देकर 5 विकेट लिए। उन्होंने मिया बूचियर, टैमी ब्यूमोंट, कप्तान नैट सीवर ब्रंट, एलिस कैप्सी और लॉरेन बेल को आउट किया। उनकी गेंदबाजी से भारत ने इंग्लैंड को 170 रन पर समेटकर 115 रन की बढ़त ली। क्रांति लॉर्ड्स में 5 विकेट लेने वाली पहली महिला और 16वीं भारतीय गेंदबाज बनीं। उनसे पहले मोहम्मद निसार, कपिल देव, बिशन सिंह बेदी, जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज ही यह कमाल कर पाए थे। जब टीम पवेलियन लौट रही थी तो दर्शकों ने खड़े होकर क्रांति के लिए तालियां बजाईं। क्रांति ने भी गेंद हाथ में लेकर पारंपरिक अंदाज में दर्शकों का शुक्रिया अदा किया।
