राहुल ने अर्धशतक जड़ टीम को संभाला
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 19.3 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। स्टार्क को शुरुआती ओवरों में वैभव अरोड़ा (17 रन पर एक विकेट) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने शुरुआती दो ओवरों में शानदार लय में चल रहे सनराइजर्स के सलामी बल्लेबाजों ट्रेविस हेड (शून्य) और अभिषेक शर्मा (तीन) को पवेलियन की राह दिखा दी। वरुण चक्रवर्ती (26 रन पर एक विकेट) और सुनील नारायण (40 रन पर एक विकेट) की फिरकी ने मध्यक्रम में सनराइजर्स के बल्लेबाजों को ज्यादा देर तक पैर जमाने का मौका नहीं दिया। हर्षित राणा (27 रन पर एक विकेट) और आंद्रे रसेल (15 रन पर एक विकेट) को भी एक-एक सफलता मिली। सनराइजर्स के लिए राहुल त्रिपाठी ने 35 गेंद की पारी में सात चौके और एक छक्का की मदद से 55 रन बनाने के साथ हेनरिच क्लासेन (32) के साथ महज 37 गेंद में 62 रन की आक्रामक साझेदारी की। क्लासेन ने 21 गेंद की पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। आखिरी ओवरों में कप्तान पैट कमिंस ने 24 गेंद में दो चौके और इतने ही छक्के की मदद से 30 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
केकेआर की अच्छी शुरुआत
जवाब में खेलने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स ने 38 गेंद शेष रहते हुए 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। रहमानुल्लाह गुरबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वे 14 गेंदों पर 2 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 23 रन बनाए। सुनील नरेन का भी बल्ला शांत रहा। उन्होंने 16 गेंदों पर 4 चौके की मदद से 21 रन बनाकर आउट हो गए। वेंकटेश अय्यर और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। वेंकटेश ने 28 गेंदों पर 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 51 रन की नाबाद पारी खेली। इसी तरह कप्ताप श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 24 गेंदों पर 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 58 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। हैदराबाद के पैट कमिंस और टी. नटराजन को एक-एक विकेट मिले।
(भाषा इनपुट के साथ)
