आईपीएल की धमक पूरी दुनिया में सुनाई देती है इसका एक प्रमाण फिर से देखने को मिल गया है। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टी20 विश्व कप 2024 टीम का ऐलान कुछ दिन पहले कर दिया था। लेकिन लोग हैरान थे, क्योंकि उसमें एक नाम नदारद था, ये नाम था जेक फ्रेजर-मैकगर्क (Jake Frazer-McGurk) का जो दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक के बाद एक धुआंधार पारियों से दुनिया को हैरान करते गए लेकिन ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं पर उस समय इसका कोई फर्क नहीं पड़ा। अब जब दबाव बना होगा तो उन्होंने फ्रेजर-मैकगर्क के साथ मैथ्यू शॉर्ट को विश्व कप टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ी के रूप में ले जाने का फैसला किया है।
अब आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड अपनी सफाई ये देते हुए कह रहे हैं कि दोनों शानदार खिलाड़ी हैं। अगर इतने बेहतरीन थे तो उनको मुख्य टीम में जगह क्यों नहीं मिली थी। मैकडोनाल्ड ने कहा कि करिश्माई युवा बल्लेबाज जैक फ्रेसर मैकगुर्क और हरफनमौला मैथ्यू शॉर्ट को अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप के लिये यात्रा रिजर्व के तौर पर इसलिये रखा गया है क्योंकि वे टीम में कुछ अलग लेकर आते हैं।
आईपीएल में फ्रेजर का तूफान
फ्रेसर मैकगुर्क ने अपने पहले आईपीएल सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के लिये नौ मैचों में 234 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाये जिसमें 32 चौके और 28 छक्के शामिल थे। उन्हें टी20 विश्व कप के लिये आस्ट्रेलिया की 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया था लेकिन अब वह रिजर्व के तौर पर जायेंगे।
ये दोनों अलग हैं
मैकडोनाल्ड ने सेन रेडियो से कहा, "ये दोनों बाकियों से अलग हैं। फ्रेसर बेहतरीन सलामी बल्लेबाज है तो शॉर्ट मध्यक्रम का बल्लेबाज होने के साथ स्पिनर भी है।" टीम में किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर ही इन्हें खेलने का मौका मिलेगा। कोच ने कहा, "ये दोनों अंतिम 15 में नहीं है लिहाजा किसी के चोटिल होने पर ही खेल सकते हैं। हमारे पास दो उम्दा विकल्प के रूप में ये दोनों खिलाड़ी हैं।"
डेविड वॉर्नर की फिटनेस पर सवाल
सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर की फिटनेस को लेकर चिंता पर उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह से फिट है। उन्होंने कहा, "वह पूरी तरह से फिट है। उसने खुद कहा है। हमें पता है कि वह दिल्ली कैपिटल्स के लिये आखिरी मैच नहीं खेल सका था लेकिन वहां उस मैच के लिये टीम के चयन की रणनीति अलग थी । उसने आखिर से पहले वाला मैच खेला था।"
