इंग्लैंड के एक नाइटक्लब में हुई लड़ाई, जिसमें इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के खिलाफ जांच शुरू हुई, उस झगड़े में शामिल रग्बी खिलाड़ी की पहचान सामने आ गई है। टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, यह खिलाड़ी टोटोआ औवा हैं। टोटोआ 21 साल के सारासेन्स टीम के उभरते हुए खिलाड़ी हैं, उनका वजन लगभग 125 किलोग्राम है और लंबाई 6 फीट 5 इंच है। खबरों के मुताबिक, औवा सारासेन्स के उन खिलाड़ियों के ग्रुप का हिस्सा था जो रविवार रात लंदन में घूम रहे थे, क्योंकि टीम का सीजन खत्म हो चुका था। यह घटना सोमवार सुबह चेल्सी के रेक्स रूम्स नाइटक्लब में हुई।
इंग्लैंड के एक अख़बार का दावा है कि न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ इंग्लैंड की पहली टेस्ट जीत के बाद, स्टोक्स और एटकिंसन क्लब के VIP एरिया में थे, तभी इन दोनों क्रिकेटरों, रग्बी खिलाड़ी टोटोआ औवा और इंग्लैंड की सिक्योरिटी टीम के एक सदस्य के बीच लड़ाई हो गई। शुरुआती खबरों के मुताबिक, औवा ने एटकिंसन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन गलती से सिक्योरिटी गार्ड को मार दिया, जिससे उसे टांके लगाने पड़े।
कौन हैं टोटोआ औवा?
भारी भरकम कद-काठी वाले टोटोआ औवा सारासेन्स के सबसे होनहार युवा फॉरवर्ड खिलाड़ियों में से एक है। समोआ का रहने वाला यह खिलाड़ी पिछले सीज़न में एम्पथिल के साथ लोन पर इंग्लैंड के दूसरे डिवीज़न में 17 मैच खेल चुका है और समोआ अंडर-20 और समोआ A टीम की कप्तानी भी कर चुका है। खबरों के मुताबिक, इस घटना ने सारासेन्स में उसके भविष्य पर संदेह और अनिश्चितता पैदा कर दी है।
स्टोक्स और एटकिंसन का 17 जून को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ होने वाला दूसरा टेस्ट मैच नहीं खेलना तय है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और टीम के 'कर्फ्यू' नियमों के शुरुआती उल्लंघन पर स्टोक्स और एटकिंसन के मामले में खास ध्यान दे रहा है। कप्तान के तौर पर स्टोक्स का भविष्य भी खतरे में है।
ECB ने अपने बयान में कहा, "ECB अभी न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पुरुषों के पहले टेस्ट के बाद टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच कर रहा है। बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन सोमवार सुबह एक नाइटक्लब में मौजूद थे, तभी यह घटना हुई। हम अभी और जानकारी जुटा रहे हैं और दूसरे टेस्ट के लिए टीम की घोषणा सही समय पर की जाएगी। क्रिकेट रेगुलेटर को सूचित कर दिया गया है और जब संभव होगा, हम आगे की जानकारी देंगे।"
