क्रिकेट

केएल राहुल ने विश्व कप में वो कर दिखाया, जो 48 साल में और कोई भारतीय नहीं कर पाया

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 19, 2023, 06:24 PM IST

टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुश्किल विकेट पर 66 रन की पारी खेलकर वर्ल्ड कप वाले दो भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

Image

फाइनल मुकाबले में अर्धशतक जड़ने के बाद दर्शकों का अभिवादन करते केएल राहुल

अहमदाबाद: विश्व कप 2023 में बतौर विकेटकीपर खेल रहे टीम इंडिया के बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया है। विकेट के पीछे दस्ताने पहनकर वो एक विश्व कप में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले साझा रूप से राहुल द्रविड़ के साथ बराबरी पर पहले ही पहुंच चुके थे। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मुकाबले में केएल राहुल ने 107 गेंद में 66 रन की पारी खेली और टीम इंडिया को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।

मुश्किल पिच पर 86 गेंद में जड़ा पचासा

मुश्किल विकेट पर बल्लेबाजी करते हुए राहुल ने 86 गेंद पर 1 चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। 66 रन बनाने के बाद राहुल विकेट के पीछे जोस इंग्लिस के हाथों लपके गए। अपनी 66 रन की धीमी लेकिन अहम पारी के दौरान राहुल ने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

एक विश्व कप में सबसे सफल भारतीय विकेटकीपर

राहुल ने विश्व कप का अंत 11 मैच की 10 पारियों में 73.33 के औसत और 90.76 के स्ट्राइक रेट के साथ किया। वो एक विश्व कप में भारत के सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए। केएल राहुल विश्व कप इतिहास में नंबर पांच पर बल्लेबाजी करते हुए 400 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। वो चार सौ के आंकड़े को 450+ में तब्दील करने में सफल रहे।

विकेटकीपरों की वैश्विक सूची में पांचवें पायदान पर

एक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाजों की सूची में केएल राहुल 452 रन के साथ पांचवें पायदान पर पहुंच गए हैं। ये रिकॉर्ड क्विंटन डिकॉक के नाम दर्ज है। मौजूदा वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर डिकॉक ने 10 मैच में 4 शतक के साथ 594 रन बनाए थे। इस सूची में दूसरे पायदान पर श्रीलंका के कुमार संगकारा (541 और 465) हैं। वहीं एडम गिलक्रिस्ट 453 रन के साथ तीसरे पायदान पर हैं। धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाजों के क्लब में राहुल ने भी एंट्री कर ली है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article