KL Rahul beats MS Dhoni: क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच भिडंत होने वाली है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में जहां टीम इंडिया की निगाहें तीसरा वर्ल्ड कप खिताब जीतने पर होगी वहीं इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम के आगे जोड़ने की फिराक में होंगे।
आईपीएल 2023 में चोटिल होने के बाद केएल राहुल ने एशिया कप में शानदार वापसी की। उन्होंने ना सिर्फ अपनी बल्लेबाजी बल्कि विकेटकीपिंग में भी जोर दिखाया और विश्वकप में टीम इंडिया के लिए स्टंप के पीछे का दारोमदार संभाला। राहुल एकदिवसीय टीम के लिए मध्यक्रम में हमेशा फिट रहते थे, लेकिन उनके दस्ताने पहनने से न केवल टीम को संतुलन मिला, बल्कि श्रेयस अय्यर के रूप में नंबर 4 पर एक अतिरिक्त बल्लेबाज को खिलाने का विकल्प भी मिला, जिसका प्रदर्शन अच्छा रहा है।
राहुल ने धोनी को पछाड़ा
केएल राहुल वर्ल्ड कप 2023 के दूसरे सबसे सफल विकेटकीपर हैं। वे अब तक 16 डिसमिसल कर चुके हैं। उन्होंने किसी भारतीय विकेटकीपर द्वारा एक वर्ल्ड कप सीजन में किए गए सबसे ज्यादा डिसमिसल के मामले में एमएस धोनी को पछाड़ दिया है। धोनी ने 2015 के विश्वकप में 15 खिलाड़ियों को आउट किया था।
कोच द्रविड़ के रिकॉर्ड पर नजर
वर्तमान में केएल राहुल इस लिस्ट में भारतीय टीम के मौजूद कोच और पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल द्रविड़ की बराबरी पर हैं। राहुल द्रविड़ ने 2003 के विश्वकप में 16 डिसमिसल किए थे। ऐसे में केएल राहुल अगर एक और खिलाड़ी को विकेट के पीछे आउट कर देते हैं तो वे इस मामले में वे टॉप पर पहुंच जाएंगे।
एक वर्ल्ड कप सीजन में सबसे ज्यादा डिसमिसल करने वाले भारतीय विकेटकीपर
1. राहुल द्रविड़ - 16 (2003 वर्ल्ड कप)
2. केएल राहुल - 16 (2003 वर्ल्ड कप)
3. महेंद्र सिंह धोनी- 15 (2015 वर्ल्ड कप)
