क्रिकेट

KKR vs SRH Head To Head: कोलकाता और हैदराबाद के बीच आंकड़ों में किसका पलड़ा है भारी, जानिए यहां

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 20, 2024, 04:45 PM IST

KKR vs SRH Qualifier-1, Kolkata Knight Riders vs Sunrisers Hyderabad Head To Head in IPL History: आईपीएल 2024 का पहला क्वालीफायर मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। आइए जानते हैं कि आंकड़ों में किसका पलड़ा भारी है।

Image

कोलकाता और हैदराबाद हेड टू हेड।

Photo : Times Now Digital

KKR vs SRH Qualifier-1, Kolkata Knight Riders vs Sunrisers Hyderabad Head To Head in IPL History: दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल के मौजूदा सीजन का पहला क्वालीफायर मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में दो धाकड़ टीम कोलकाता नाइटराइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम है। आईपीएल के लीग मुकाबले में दोनों टीमों ने तूफानी पारी खेलकर अपनी टीमों को जीत दिलाई है। मौजूदा सीजन के लीग मुकाबले में दोनों टीमें एक बार आमने-सामने हुई। इसमें केकेआर ने शानदार प्रदर्शन कर जीत हासिल की। वहीं, अब हैदराबाद के पास हिसाब चुकता करने का बढ़िया मौका है।

हैदराबाद पर भारी पड़ी थी रसेल की बल्लेबाजी

आईपीएल के तीसरे मुकाबले में कोलकाता का सामना हैदराबाद से हुआ था। इस मुकाबले में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए थे। फिल सॉल्ट और आंद्रे रसेल ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। सॉल्ट ने 40 गेंदों पर 3 चौके और इतने ही छक्के की मदद से 54 रन बनाए थे। इसी तरह रसेल ने 25 गेंदों पर 3 चौके और 7 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 64 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी हैदराबाद की टीम निर्धारित ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 204 रन बना पाई थी। इस दौरान हेनरिक क्लासेन का बल्ला जमकर चला था। उन्होंने 29 गेंदों पर 8 छक्के की मदद से 63 रन बनाए थे।

अहमदाबाद में किसका पलड़ा है भारी

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्वालीफायर-1 मुकाबला खेला जाएगा। इस मैदान पर कोलकाता नाइटराइडर्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। इस मैदान पर दोनों टीमों ने अलग-अलग टीमों के साथ मुकाबले खेले हैं। इस दौरान केकेआर ने 5 मैच खेले हैं, जिसमें से 2 मुकाबले में जीत और 3 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, हैदराबाद की टीम को 3 मैचों में से सिर्फ एक मुकाबले में जीत और 2 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। इस मैदान पर केकेआर का उच्चतम स्कोर 207 रन और न्यूनतक स्कोर 134 रन है, जबकि हैदराबाद का हाईएस्ट स्कोर 162 रन और लोएस्ट स्कोर 134 रन है।

आईपीएल इतिहास में केकेआर का दबदबा

आईपीएल इतिहास में कोलकाता नाइटराइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कुल 26 मैच खेले गए हैं। इसमें कोलकाता का पलड़ा भारी है। टीम को 17 मैचों में जीत और हैदराबाद क सिर्फ 9 मुकाबले में जीत मिली है। केकेआर के खिलाफ हैदराबाद का हाईएस्ट स्कोर 208 रन है, जबकि हैदराबाद के खिलाफ केकेआर का हाईएस्ट स्कोर 228 रन है।

कोलकाता नाइटराइडर्स का स्क्वॉड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), नितीश राणा, रिंकू सिंह, रहमानुल्लाह गुरबाज़, फिल साल्ट, सुनील नरेन, सुयश शर्मा, अनुकूल रॉय, आंद्रे रसेल, वेंकटेश अय्यर, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, केएस भरत, चेतन सकारिया, मिशेल स्टार्क, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, शेरफेन रदरफोर्ड, मनीष पांडे, मुजीब उर रहमान, दुशमंथा चमीरा, साकिब हुसैन।

सनराइजर्स हैदराबाद का स्क्वॉड

पैट कमिंस (कप्तान), अब्दुल समद, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्कराम, मार्को जानसन, राहुल त्रिपाठी, वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, सनवीर सिंह, हेनरिक क्लासेन, भुवनेश्वर कुमार, मयंक अग्रवाल, टी. नटराजन, अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मार्कंडेय, उपेंद्र सिंह यादव, उमरान मलिक, नितीश कुमार रेड्डी, फजलहक फारूकी, शाहबाज अहमद, ट्रैविस हेड, वानिंदु हसरंगा, जयदेव उनादकट, आकाश सिंह, जथावेध सुब्रमण्यन।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article