क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका, कमिंस के साथ ये दो खिलाड़ी भी लौटेंगे स्वदेश

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Feb 20, 2023, 01:46 PM IST

Ind vs Aus: बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में 0-2 से पीछे चल रही ऑस्ट्रेलिया टीम को तीसरे टेस्ट मैच से पहले झटका लगा है। रिपोर्ट्स की मानें तो तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं और वह पारिवारिक कारणों से स्वदेश लौट रहे पैट कमिंस के साथ ऑस्ट्रेलिया लौट जाएंगे।

Image

डेविड वॉर्नर

Photo : AP

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में पहले ही 0-2 से पिछड़ रही ऑस्ट्रेलिया टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। फॉक्स क्रिकेट के रिपोर्ट के अनुसार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोट के कारण बाकी बचे दो टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार पैट कमिंस पारिवारिक कारणों से सिडनी लौट रहे हैं और उनके साथ यह तेज गेंदबाज और डेविड वॉर्नर भी ऑस्ट्रेलिया जा सकते हैं। वॉर्नर को दूसरे टेस्ट की पहली पारी में मोहम्मद सिराज की गेंद पर सिर में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह दिल्ली टेस्ट से बाहर हो गए थे।

कनकशन नियम के तहत उनके स्थान पर मैट रेनशो को टीम में शामिल किया गया था। दूसरी तरफ हेजलवुड को लेकर यह उम्मीद लगाई जा रही थी कि बाकी बचे दो टेस्ट में वह वापसी करेंगे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। हालांकि, इन बुरे खबरों के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए एक अच्छी खबर भी है। दरअसल चोट के कारण पहले दो टेस्ट से बाहर रहे ऑलराउंड कैमरोन ग्रीन और तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क तीसरे टेस्ट के लिए पूरी तरह से फिट हैं और वह वापसी कर सकते हैं।

इसके अलावा लेग स्पिनर मिचेल स्वेप्सन भी तीसरे टेस्ट से पहले टीम से जुड़ जाएंगे। वह दूसरे टेस्ट से ठीक पहले अपने बच्चे की जन्म के सिलसिले में स्वदेश लौट गए थे, लेकिन अब वह वापसी के लिए तैयार हैं। उनके स्थान पर मैट कुह्नमैन को टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला था।

ऑस्ट्रेलिया के पास वापसी का आखिरी मौका

ऑस्ट्रेलिया टीम इस सीरीज में 0-2 से पीछे है और वह यहां से इस सीरीज को जीत नहीं सकती, लेकिन यदि उसे टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पहुंचने से रोकना है तो बल्लेबाजों को दम दिखाना होगा। पहले दो टेस्ट में भारतीय स्पिन अटैक के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने संघर्ष किया है।
समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article