Jos Buttler Injury: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर के ऑस्ट्रेलिया के आगामी सीमित ओवर क्रिकेट दौरे से बाहर रहने की उम्मीद है। इंग्लैंड के चयनकर्ता मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के नवंबर दौरे के लिए टीम की घोषणा करने वाले हैं, जिसमें 13 नवंबर से 2 दिसंबर तक तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेले जाएंगे। क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के अनुसार, टीम की घोषणा से ठीक पहले यह जानकारी मिली है कि बटलर, जिन्होंने 2022 में इंग्लैंड को टी20 वर्ल्ड कप जिताने में मदद की थी, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। पिछले महीने (सितंबर में) श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बल्लेबाजी करते समय उन्हें बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जिसके लिए उनकी सर्जरी हुई है।
जोस बटलर (Instagram/josbuttler)
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंबे समय तक खेल से दूर रहने के कारण 2027 SA20 में बटलर के खेलने पर भी संदेह है। बटलर, जो 'द मेन्स हंड्रेड' में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और IPL में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हैं, उन्हें SA20 2027 नीलामी से पहले डरबन सुपर जायंट्स ने साइन किया था।
जोस बटलर, जो पिछले महीने टी20 क्रिकेट में 15,000 रन बनाने वाले इतिहास के पहले खिलाड़ी बने थे, ने सर्जरी के बाद सोमवार को इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अस्पताल के बिस्तर से अपनी एक फोटो पोस्ट की।
वर्ल्ड कप को लेकर असमंजस की स्थति बनी
जोस बटलर को सोमवार को इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) से एक साल का कॉन्ट्रैक्ट मिला, जो 2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले खत्म हो जाएगा। ECB ने अपने अहम कॉन्ट्रैक्ट्स की लिस्ट भी जारी की। ECB के CEO रॉब की के मुताबिक, एक साल का कॉन्ट्रैक्ट होने के बावजूद बटलर अभी भी इंग्लैंड के वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा हैं।
रॉब की ने कहा, "हमें ऐसा नहीं लगता कि जोस बटलर और आदिल राशिद उस वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं होंगे। हमने उन्हें अपनी योजनाओं में शामिल कर रखा है। अगर वे इसका हिस्सा नहीं होते, तो हम तब से उन्हें खिला नहीं रहे होते। वे दोनों ही इंग्लैंड के लिए खेलने के लिए बहुत उत्सुक हैं। यह सब सिस्टम के काम करने के तरीके पर निर्भर करता है। अगले साल इस बारे में फैसले लिए जाएंगे।"
