New T20 World Record: भारतीय पेसर जयदेव उनादकट लंबे तकरीबन तीन सालों से राष्ट्रीय टीम से नहीं खेले हैं। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में उनका खेलना लगातार जारी है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2026-27 के अपने आखिरी मैच में, सौराष्ट्र की ओर से खेलते हुए उन्होंने बल्ले से एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड (World Record) बना दिया है। हालांकि, इस मैच में सौराष्ट्र को तमिलनाडु के हाथों 38 रनों से हार का सामना करना पड़ा और दोनों ही टीमें टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज से बाहर हो गईं।
जयदेव उनादकट ने बनाया नया टी20 विश्व रिकॉर्ड (Instagram/jd_unadkat)
जहां तमिलनाडु पहले ही बाहर हो चुका था, वहीं सौराष्ट्र के पास क्वालीफाई करने का मौका था, बशर्ते अन्य मैचों के नतीजे उनके पक्ष में आते। उन्हें जीत के लिए 193 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और टीम 93 रनों पर 9 विकेट गंवाकर सिमट गई। 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए उनादकट ने 40 रन बनाए और चेतन सकारिया के साथ मिलकर 10वें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की।
उनादकट ने बना दिया नया T20 वर्ल्ड रिकॉर्ड
जयदेव उनादकट अब दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने T20 मैच में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 40 रन बनाए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डैनी ब्रिग्स के नाम था, जिन्होंने 2020-21 सीजन की बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए होबार्ट हरिकेन्स के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था।
किसी भारतीय बल्लेबाज का इस मामले में पिछला रिकॉर्ड मुनाफ पटेल के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2009 सीजन में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के लिए 23 रन बनाए थे। जहां तक सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी की बात है, तो यह रिकॉर्ड पंकज जसवाल (हिमाचल प्रदेश बनाम हिमाचल, 2016) और प्रशांत सोलंकी (महाराष्ट्र बनाम केरल, नई चंडीगढ़, 2026) के नाम संयुक्त रूप से दर्ज था। इन दोनों ने 23-23 रन बनाए थे।
पार्टनरशिप का रिकॉर्ड भी बनाया
जयदेव उनादकट और चेतन सकारिया के बीच 62 रनों की साझेदारी T20 क्रिकेट में 10वें विकेट के लिए संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले खेनगार अहीर और निकुंज अहीर (2021 में नॉर्थ साउंड में पनामा बनाम अर्जेंटीना) ने भी 62 रनों की साझेदारी की थी। यह रिकॉर्ड ग्रांट इलियट और ज़ुल्फ़िकार बाबर के नाम है, जिन्होंने 2016 पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जलमी के खिलाफ क्वेटा ग्लैडिएटर्स के लिए 63 रनों की साझेदारी की थी।
