स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया का इंग्लैंड को हराकर सातवां आईसीसी टी20 विश्व कप खिताब जीतने के बाद कहा कि महिला क्रिकेट अपने स्वर्णिम युग में चल रहा है। साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम को टी20 वर्ल्ड कप जीत की बधाई दी। ICC चेयरमैन जय शाह ने कप्तान सोफी मोलिनक्स को ICC महिला विश्व कप 2026 की ट्रॉफी सौंपी।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीत कर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और उसे 4 विकेट पर 150 रन ही बनाने दिए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। बेथ मूनी ने 64 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला।
महिला क्रिकेट सुनहरे दौर में
ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा कि महिला क्रिकेट अपने सुनहरे दौर में है। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट ने याद दिलाया कि यह खेल क्यों देखना जरूरी है। क्योंकि इसमें खिलाड़ियों की ताकत, जुनून और बेहतरीन खेल देखने को मिला।
जय शाह ने दी बधाई
शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को उनके सातवें आईसीसी महिला टी20 विश्व कप खिताब जीतने पर हार्दिक बधाई। उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। इंग्लैंड क्रिकेट को भी उपविजेता बनने पर बहुत-बहुत बधाई। इस टूर्नामेंट ने हमें याद दिलाया कि महिला क्रिकेट क्यों देखने लायक है। शुरू से अंत तक शक्ति, जुनून और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन देखने को मिला। दोनों टीमों और इस विश्व कप को इतना खास बनाने वाले सभी लोगों का आभार। महिला क्रिकेट स्वर्णिम युग में है।
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने कुल सातवीं बार महिला टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल जीता। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड की सरजमीं पर पहली बार वर्ल्ड कप खिताब जीतने में सफल हुआ है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 1225 दिन बाद अपना खिताब वापस हासिल कर लिया। मेग लैनिंग की कप्तानी में साल 2023 में खिताब जीता था।
