क्रिकेट

'लग रहा है सपनों में जी रहा हूं..' जसप्रीत बुमराह ने खास अंदाज में फैंस का जताया आभार, देखें VIDEO

Jasprit Bumrah thanks Fans: टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत की जीत में खास भूमिका निभाने वाले जसप्रीत बुमराह की हर तरफ तारीफें हो रही है। उनका घर पर भी जमकर स्वागत हुआ है। इस सभी को देखकर बुमराह को लग रहा है कि वे एक सपने में जी रहे हैं।

Image

जसप्रीत बुमराह (फोटो- Instagram)

Jasprit Bumrah: भारतीय खिलाड़ियों के टी20 विश्व कप का चैंपियन बनने के बाद स्वदेश में मिले शानदार स्वागत के लिए आभार व्यक्त करने की कड़ी में गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह ने कहा कि वह पिछले कुछ दिनों से सपनों में जी रहे हैं।इस 30 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में खेले गए टूर्नामेंट में 15 विकेट लिए। बुमराह ने टी20 विश्व कप में भारत की 17 साल बाद खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

बुमराह ने एक्स पर पोस्ट किया -'मैं पिछले कुछ दिनों से बहुत आभारी हूं। मैं सपनों में जी रहा हूं और इसने मुझे खुशी और कृतज्ञता से भर दिया है।इस तेज गेंदबाज ने इसके साथ एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें स्वदेश लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नाश्ते और मुंबई में लाखों प्रशंसकों के साथ विजय परेड के अंश शामिल हैं।

कोहली की स्पीच भी की शामिल

बुमराह द्वारा शेयर की गई 42 सेकंड की इस क्लिप में गुरुवार को परेड के बाद सम्मान समारोह के दौरान विराट कोहली के भाषण का ऑडियो भी शामिल है जिसमें वह बुमराह के योगदान की प्रशंसा कर रहे हैं।बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर भारत को शानदार वापसी दिलाई थी। दक्षिण अफ्रीका को एक समय 30 गेंद पर 30 रन चाहिए थे लेकिन इन दोनों ने मिलकर उसकी बल्लेबाजी को थर्रा दिया और भारत सात रन से जीत दर्ज करने में सफल रहा।

कोहली ने की थी तारीफ

कोहली ने वानखेड़े स्टेडियम में सम्मान समारोह के दौरान कहा था कि बुमराह जैसा खिलाड़ी कई पीढियों में एक बार जन्म लेता है। इसके बाद स्टेडियम में बुमराह के नाम की गूंज सुनाई देने लगी।विश्व कप के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले कोहली ने कहा था -'मैं चाहता हूं कि सभी उस खिलाड़ी की प्रशंसा करें जिसने हमेशा हमें बार-बार वापसी दिलाई है। यह अद्भुत प्रदर्शन था। उस जैसा गेंदबाज कई पीढियों में एक बार जन्म लेता है। मुझे खुशी है कि वह हमारे लिए खेलता है।'बुमराह का हाल में अहमदाबाद अपने घर पहुंचने पर फूलों से स्वागत किया गया था।
SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article