IPL 2025: आईपीएल 2025 से पहले मुंबई इंडियंस की ट्रॉफी जीतने की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट की मानें तो स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आईपीएल 2025 के पहले कुछ मैच मिस कर सकते हैं। बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के 5वें टेस्ट की दूसरी पारी से पहले बुमराह चोटिल हो गए। पीठ में दर्द के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था और उसके बाद उन्होंने बॉलिंग भी नहीं की थी। चोट इतनी गंभीर थी कि वह पहले इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और फिर चैंपियंस ट्रॉफी भी नहीं खेल पाए।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह के आईपीएस शुरू होने से पहले फिट होने की संभावना कम है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने अखबार को बताया, "बुमराह की मेडिकल रिपोर्ट ठीक है। उन्होंने गेंदबाजी फिर से शुरू कर दी है। हालांकि, इस बात की संभावना बेहद कम है कि वह अगले दो सप्ताह तक फिट हो पाएं और आईपीएल में गेंदबाजी कर सकें।
मौजूदा स्थिति के अनुसार, अप्रैल के पहले सप्ताह में वह वापसी कर सकते हैं। सूत्र ने खुलासा किया कि बुमराह ने अभी पूरी स्पीड से गेंदबाजी शुरू नहीं की है और मेडिकल टीम की देखरेख में धीरे-धीरे अपना स्पीड बढ़ाएंगे। जब तक वह कुछ दिनों तक बिना किसी परेशानी के पूरे स्पीड से गेंदबाजी करने में सक्षम नहीं हो जाते, तब तक मेडिकल टीम द्वारा उन्हें पूरी तरह से फिट होने की मंजरी नहीं मिल सकती है।
मुंबई इंडियंस पहले दो हफ़्तों में चार मैच खेलेगी और इन मैचों में बुमराह अनुपस्थित रह सकते हैं। टीम पिछले कुछ सालों से संघर्ष कर रही है और उसे चीजों को बदलने के लिए अच्छी शुरुआत की ज़रूरत है। इस बीच, सूत्र ने खुलासा किया कि बीसीसीआई जसप्रीत बुमराह पर दबाव नहीं डालना चाहता क्योंकि वे चाहते हैं कि वह और मोहम्मद शमी आईपीएल के बाद इंग्लैंड में होने वाली पाँच मैचों की टेस्ट सीरीज़ के लिए पूरी तरह से फिट हों।
