Jasprit Bumrah injury update: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए बुरी खबर सामने आई है। दरअसल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने पर संदेह है। भारत के सबसे महान तेज गेंदबाजों में से एक बुमराह फिलहाल चोटिल हैं और उन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में जाने को कहा है। मामले से जुड़े सूत्रों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया है कि बुमराह को चैंपियंस ट्रॉफी की टीम में शामिल किया जा सकता है, लेकिन उनकी उपलब्धता उनके ठीक होने पर निर्भर करेगी।
बुमराह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन चोटिल हो गए थे। लंच ब्रेक के बाद सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी करने के बाद तेज गेंदबाज मैदान से बाहर हो गए थे। बुमराह को स्कैन के लिए ले जाया गया और तीसरे दिन मैच की अंतिम पारी में वह गेंदबाजी करने नहीं आए। रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय चयनकर्ता इस महीने के अंत में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के लिए टीम चुनने के लिए शनिवार को मुंबई में मिले थे। यहां पर उन्हें बुमराह की फिटनेस स्थिति के बारे में जानकारी दी गई है। हालांकि चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम की घोषणा करने की समय सीमा रविवार है, लेकिन बीसीसीआई ने समय सीमा बढ़ाने की मांग की है।
मार्च तक ठीक हो सकते हैं बुमराह
बीसीसीआई के एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया है कि बुमराह के मार्च के पहले सप्ताह तक पूरी तरह से फिट होने की उम्मीद है। सूत्र ने कहा, "वह (बुमराह) अपने पुनर्वास के लिए एनसीए जाएंगे। शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्हें फ्रैक्चर नहीं है, लेकिन उनकी पीठ पर सूजन है। इसलिए एनसीए उनकी रिकवरी पर नज़र रखेगा और वह तीन सप्ताह तक वहां रहेंगे। लेकिन उसके बाद भी, उन्हें एक या दो मैच खेलने होंगे, भले ही वे उनकी मैच फिटनेस की जांच के लिए आयोजित अभ्यास मैच ही क्यों न हों।"
बुमराह के बिना खेलने पड़ेंगे ये मैच
भारत का आखिरी ग्रुप मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मार्च को है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि बुमराह खेलने के लिए तैयार होंगे या नहीं। इससे पहले, भारत 20 फरवरी को बांग्लादेश और 23 फरवरी को पाकिस्तान से खेलेगा। भारत अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा, क्योंकि टीम ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया और आईसीसी ने हाइब्रिड मॉडल पर सहमति जताई। सेमीफाइनल 4 और 5 मार्च को और फाइनल 9 मार्च को होगा।
