IPL 2025 RCB vs DC: इंडियन प्रीमियर लीग के एक दिलचस्प मुकाबले में गुरुवार रात दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। ये दिल्ली की लगातार चौथी जीत साबित हुई। बेंगलुरू के खिलाफ 53 गेंद में नाबाद 93 रन बनाकर दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिलाने वाले केएल राहुल (KL Rahul) ने कहा कि विकेट पेचीदा था लेकिन 20 ओवर विकेटकीपिंग करने से उन्हें बल्लेबाजी में मदद मिली।
जीत के लिये 164 रन के लक्ष्य के जवाब में दिल्ली ने पांच विकेट 58 रन पर गंवा दिये थे लेकिन इसके बाद राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने टीम को जीत तक पहुंचाया। राहुल ने मैच के बाद कहा, "यह पेचीदा विकेट थी लेकिन 20 ओवर तक विकेट के पीछे रहने से मुझे इसे समझने में मदद मिली। मुझे पता था कि कौन से शॉट्स खेलने हैं और मैं अच्छी शुरूआत करना चाहता था।"
उन्होंने कहा, "इस तरह के विकेट पर मुझे पता था कि कहां खेलना है। अगर बड़ा छक्का लगाना है तो कहां लगाना है। विकेटकीपिंग से मुझे पता चल रहा था कि बल्लेबाज कहां आउट हो रहे हैं और कहां छक्के लगा रहे हैं । किस्मत ने भी साथ दिया कि मेरा कैच छूटा।"
उन्होंने कहा, "यह मेरा मैदान है, मेरा शहर है और मुझे इसके बारे में दूसरों से ज्यादा पता है। मैं अलग-अलग तरह के विकेटों पर ढलने की कोशिश करता हूं। मैं अभ्यास में प्रयोग करता हूं। कई बार आउट हो जाता हूं लेकिन इससे मुझे पता चलता है कि कहां एक रन मिलेगा और कहां 6 रन।"
