रांची: भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड से मिली हार को केवल एक मैच तक सीमित करार दिया और कहा कि टीम तीन मैचों की श्रृंखला में जबरदस्त वापसी करेगी। न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 177 रन का लक्ष्य रखा था लेकिन भारतीय शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया वॉशिंगटन सुंदर की 28 गेंदों पर 50 रन की पारी के बावजूद आखिर में टीम नौ विकेट पर 155 रन ही बना पाई। इस तरह से न्यूजीलैंड ने यह मैच 21 रन से जीता।
वॉशिंगटन सुंदर( साभार AP)
भारत ने इससे पहले एकदिवसीय श्रृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। वॉशिंगटन ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'मेरा मानना है कि यह केवल एक मैच तक सीमित है। मैं यह भी नहीं मानता कि पिच से स्पिनरों को मदद मिलने के कारण ऐसा हुआ या फिर हमें किसी विभाग में सुधार की जरूरत है। यह केवल एक मैच की बात है।'
अगर तेज शुरुआत मिलती तो...उन्होंने कहा,'अगर हमें तेजतर्रार या बेहतर शुरुआत मिली होती तो चीजें इससे भिन्न हो सकती थीं। निश्चित तौर पर पिच स्पिन ले रही थी और आपको अक्सर ऐसे विकेट देखने को मिल जाते हैं।' हमारी टीम के खिलाड़ी आईपीएल में और यहां तक कि भारतीय टीम की तरफ से भी इस तरह के विकेटों पर खेलते रहे हैं। इसलिए यह एक मैच तक सीमित था जिसमें कुछ चीजें हमारे अनुकूल नहीं रही।'
वॉशिंगटन से जब पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि भारतीय शीर्ष क्रम में बदलाव की जरूरत है,उन्होंने कहा,'क्या आपको वास्तव में लगता है कि बदलाव की जरूरत है। अगर आपको किसी रेस्टोरेंट में अपनी पसंदीदा बिरयानी नहीं मिलती तो क्या आप कभी फिर रेस्टोरेंट नहीं जाओगे।'
