क्रिकेट

'क्या कर रहा है यार'... अभिषेक शर्मा का ईशान किशन पर चिल्लाते हुए वीडियो वायरल, अजीबोगरीब तरीके से हुए रन-आउट, देखिए VIDEO

Ishan Kishan Run-Out Video: भारत-इंग्लैंड पहले टी20 मैच में सिर्फ भारतीय पारी ही हो सकी जिसमें भारत ने 189 रनों का स्कोर खड़ा किया। हालांकि टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी, जिसमें ईशान किशन का रन-आउट सबसे ज्यादा चर्चा में रहा और इसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल है। यहां जानिए क्या हुआ और देखिए वीडियो।

Image

ईशान किशन के रन-आउट का वीडियो वायरल, अभिषेक शर्मा भिड़के (X)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-इंग्लैंड पहला टी20 मैच
  • ईशान किशन का रन-आउट वीडियो हुआ वायरल
  • अभिषेक शर्मा ने ईशान से पूछे सवाल

IND vs ENG T20: आयरलैंड में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया की एक समस्या इंग्लैंड में भी जारी रही है। भारतीय टीम की टॉप-ऑर्डर की समस्या इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भी कायम रही। मैच के दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन को सस्ते में आउट हो गए और दो गेंद बाद ईशान किशन भी पिच पर हुई गलतफहमी के कारण आउट हो गए। इसकी वजह से एक समय पर भारतीय टीम का स्कोर 6 रन पर 2 विकेट हो गया था, हालांकि बाद में अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे ने आतिशी पारियों से भारत के स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचा दिया। मैच एक ही पारी का हो सका क्योंकि बारिश के कारण इसे रद्द घोषित करना पड़ा।

भारत-इंग्लैंड पहले टी20 मैच के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा ईशान किशन का विकेट। पहला विकेट गिरने के बाद ईशान किशन पिच पर आए ही थे कि कुछ गेंदों बाद एक तेज सिंगल के लिए कॉल हुआ, लेकिन अभिषेक को जल्द ही अहसास हो गया कि कोई रन नहीं बन सकता क्योंकि उनकी नज़र गेंद पर थी और उन्होंने ईशान को वापस जाने का इशारा भी किया था। हालांकि, ऐसा लगा कि किशन ने उस इशारे पर ध्यान नहीं दिया क्योंकि उनकी नज़रें गेंद पर टिकी थीं। जब किशन पिच के बीच तक पहुंच चुके थे, तो अभिषेक ने नॉन-स्ट्राइकर एंड से चिल्लाकर कहा, "अरे यार क्या कर रहा है?", और अब इसका वीडियो भी वायरल हो चुका है।

इस गलतफहमी की वजह से ईशान किशन दूसरे ओवर के बीच में ही फंस गए और इंग्लैंड के फील्डर्स ने तुरंत एक्शन में आते हुए उन्हें आउट कर दिया। ईशान के दो गेंदों पर बिना खाता खोले आउट होने से भारत की शुरुआती लय को बड़ा झटका लगा।

अभिषेक, अय्यर और शिवम दुबे की शानदार पारियां

टीम इंडिया को बेशक शुरुआती झटके लगे थे लेकिन अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 59 रनों की तेज पारी खेलकर भारतीय पारी को संभाल लिया। अभिषेक ने अपनी 37 मिनट तक चली इस पारी में 4 छक्के और 6 चौके लगाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी शानदार अंदाज में अभिषेक का साथ दिया और अय्यर ने 47 गेंदों में 68 रनों की पारी खेली। अंतिम ओवरों में जब बल्लेबाज हल्की बारिश के बीच पिच पर टिक नहीं पा रहे थे, उस समय शिवम दुबे ने 21 गेंदों में नाबाद 42 रनों की पारी खेली और टीम इंडिया को 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 189 रन तक पहुंचा दिया। हालांकि, बारिश इसके बाद तेज होती गई और इंग्लैंड की पारी मुमकिन नहीं हो सकी, जिसके कारण मैच को रद्द घोषित करना पड़ा।

वैभव सूर्यवंशी को फिर नहीं मिला मौका, कब होगा डेब्यू?

इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज़ के पहले T20 मैच में भी वैभव सूर्यवंशी को बेंच पर ही बैठना पड़ा, जिससे उनके बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए फैंस का इंतजार और बढ़ गया है। आयरलैंड के दो मैचों के दौरे पर, जहां टीम इंडिया ने दोनों मैच गंवा दिए थे, वहां भी 15 वर्षीय वैभव को एक भी मौका नहीं मिला। फैंस के बीच नाराजगी इस बात की भी रही कि टीम इंडिया में शामिल होने से पहले लय में दिख रहे वैभव को तो मौका नही मिला लेकिन आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे जैसे खिलाड़ियों को उनसे पहले मौका मिल गया। अब संजू सैमसन के लगातार फ्लॉप होने के कारण दूसरे टी20 में वैभव को मौका मिलने की उम्मीदें बढ़ चुकी हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article