क्रिकेट

ईशान किशन ने की एमएस धोनी के साथ स्पेशल क्लब में एंट्री, ऐसे चढ़ी आईसीसी रैंकिंग में सीढ़ियां

ईशान किशन ने आईसीसी रैंकिंग में दुनिया का नंबर वन बल्लेबाज बनकर एमएस धोनी के साथ एक स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली है। जानिए कैसी रही उनकी वापसी और कैसे बने दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज?

Image

ईशान किशन (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: टीम इंडिया के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की हालिया सफलता किसी परिकथा से कम नहीं है। ईशान किशन बुधवार को जारी हुई आईसीसी का ताजा टी20आई रैंकिंग में हमवतन अभिषेक शर्मा को पछाड़कर दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बन गए। घरेलू क्रिकेट में जमकर धमाल मचाने के बाद भारतीय टीम में तकरीबन ढाई साल लंबे अंतराल के बाद ईशान ने वापसी की और उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। तीनों फॉर्मेट के लिए उन्हें टीम इंडिया में जगह मिली और अब वो टी20आई में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज भी बन गए हैं।

आईसीसी रैंकिंग में नंबर वन बनने वाले दूसरे भारतीय विकेटकीपर

ईशान किशन की इसके साथ ही एमएस धोनी के साथ एक स्पेशल क्लब में एंट्री हो गई है। वो किसी भी फॉर्मेट में आईसीसी रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंचने वाले एमएस धोनी के बाद दूसरे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। एमएस धोनी ने ये उपलब्धि वनडे फॉर्मेट में हासिल की थी। जबकि ईशान ने टी20आई में ये धमाल किया है। ईशान आईसीसी की टी20आई रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंचने वाले पांचवें भारतीय हैं। टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर टी20आई रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बने थे। उनके बाद ये उपलब्धि विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा हासिल कर सके। अब इस सूची में ईशान किशन का नाम भी दर्ज हो चुका है। टी20आई में बतौर गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती ये उपलब्धि हासिल कर सके।

टीम में वापसी के बाद ऐसा रहा प्रदर्शन

टीम इंडिया में वापसी करने के बाद ईशान किशन ने 16 मैच की 16 पारी में 34.06 के औसत और 198.18 के स्ट्राइक रेट से 545 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। 103 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वापसी के बाद रहा है। हालांकि दो बार वो अपना खाता खोलने में नाकाम रहे हैं। 16 मैच में ईशान ने 56 चौके और 34 छक्के भी जड़े हैं।

ऐसे चढ़ी आईसीसी रैंकिंग में सीढ़ियां

जनवरी 2026 में टीम इंडिया में जब ईशान की वापसी हुई थी तब वो आईसीसी की टी20 रैंकिंग में दुनिया के 64वें नंबर के बल्लेबाज थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के बाद वो 32वें स्थान पर पहुंचे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद ईशान दुनिया के नंबर 2 बल्लेबाज बन गए। विश्व कप में उन्होंने 317 रन बनाए और टीम इंडिया की खिताबी जीत में अहम भूमिका अदा की। अब वो आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में नाकामी के बावजूद 876 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दुनिया के नंबर वन टी20 बल्लेबाज बन गए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article