क्रिकेट

क्या आईपीएल नहीं खेलने से मुस्तफिजुर रहमान को हुआ करोड़ों का नुकसान, क्या कहता है नियम

शनिवार को देश की भावना का सम्मान करते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर बड़ा फैसला लिया। उन्होंने केकेआर टीम को निर्देश दिया था कि वह इस खिलाड़ी का रिप्लेसमेंट ढूंढ ले। केकेआर ने मिनी ऑक्शन में रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था।

Image

मुस्तफिजुर रहमान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से मिले निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR ने आईपीएल 2026 के लिए बने अपने स्क्वॉड से बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया है। ऐसे में एक बड़ा सवाल है कि क्या केकेआर नीलामी में लगाई गई कीमत 9.2 करोड़ रुपये रहमान को देगी। आइए जानते हैं कि नियम क्या कहता है। दरअसल आईपीएल नीलामी में किसी खिलाड़ी को खरीदने के बाद उसके लिए लगाई गई कीमत को फ्रेंचाइजी के पर्स से लॉक कर दिया जाता है। लेकिन मुस्ताफिजुर रहमान का मामला अलग है और संवेदनशील है। उन्हें चोट या निजी कारण से नहीं, बल्कि भारत-बांग्लादेश के बीच खराब हो चुके राजनीतिक और सुरक्षा हालातों की वजह से केकेआर ने रिलीज किया है।

ऐसे में आईपीएल के नियमों के मुताबिक, अगर बीसीसीआई किसी खिलाड़ी को क्रिकेट के अलावा किसी दूसरी वजह से बाहर करने का निर्देश देती है, तो उस खिलाड़ी पर खर्च की गई पूरी रकम फ्रेंचाइजी को वापस मिल जाती है। इस स्थिति को 'फोर्स मेज्योर' कहा जाता है। यह एक ऐसी असाधारण परिस्थिति है जो किसी के नियंत्रण में नहीं होती। इन मामलों में फ्रेंचाइजी खिलाड़ी के साथ किए गए अनुबंध को पूरा करने के लिए बाध्य नहीं होती। इसलिए केकेआर द्वारा रिलीज किए जाने के बाद मुस्तफिजुर रहमान को कोई राशि नहीं मिलेगी।

आईपीएल 2026 के लिए 16 दिसंबर को नीलामी का आयोजन किया गया था। नीलामी में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब रहमान को इसका नुकसान हो गया है।

आखिर बीसीसीआई को क्यों उठाना पड़ा कदम

पिछले कुछ दिनों में बांग्लादेश में बदले राजनीतिक हालात में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा बढ़ी है जिसमें कई जानें जा चुकी हैं। हिंदुओं के खिलाफ सार्वजनिक रूप से लिंचिंग और हिंसा की घटनाओं को भारत के धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भारी विरोध किया है और किसी भी बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में खिलाने का विरोध किया है। इसे लेकर बड़े स्तर पर कैंपेन चलाए गए हैं। आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को न खिलाने की बढ़ती मांग को देखते हुए बीसीसीआई ने 3 जनवरी को केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था। बीसीसीआई के निर्देश के कुछ घंटे बाद ही केकेआर ने रहमान को रिलीज कर दिया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article