क्रिकेट

IPL में पिचों पर घमासान जारी, अब RCB की हार के बाद दिनेश कार्तिक क्यूरेटर पर भड़क उठे

Dinesh Karthik Slams Bengaluru Pitch And Curator: आईपीएल 2025 में कुछ दिन पहले कोलकाता की पिच को लेकर केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे पिच क्यूरेट पर भड़क उठे थे। अब दिल्ली-बेंगलुरू मैच में मेजबान आरसीबी को हार मिली तो बेंगलुरू के मेंटर दिनेश कार्तिक ने भी कुछ वैसा ही किया है। आइए जानते हैं वो क्यों भड़के और क्या कहा।

Image

दिनेश कार्तिक (IPLT20/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • IPL में पिचों को लेकर घमासान जारी
  • रहाणे के बाद अब दिनेश कार्तिक भड़के
  • बेंगलुरू में हार के बाद पिच को लेकर नाराज हुए कार्तिक

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मेंटर (मार्गदर्शक) दिनेश कार्तिक ने स्वीकार किया कि बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच की मांग करने के बावजूद इस सत्र में उनकी टीम को चिन्नास्वामी स्टेडियम में चुनौतीपूर्ण पिच मिली हैं और उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन इस संदर्भ में जल्द ही क्यूरेटर के साथ बात करेगा।

आरसीबी के बल्लेबाज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में घरेलू मैदान पर खेले दो मैच में पिच धीमी होने के कारण अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उसकी टीम ने आठ विकेट पर 169 रन और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सात विकेट पर 163 रन बनाए।

कार्तिक का मानना है कि उनकी टीम को घरेलू परिस्थितियों का लाभ मिलना चाहिए था। यहां की पिच पर अमूमन बड़े स्कोर बनते रहे हैं। कार्तिक ने दिल्ली के खिलाफ मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, "पहले दो मैच में हमने अच्छी पिच तैयार करने के लिए कहा था लेकिन हमें इस तरह की पिच मिली जिस पर बल्लेबाजी करना चुनौतीपूर्ण था। इसलिए हमने परिस्थितियों के अनुसार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया लेकिन हमें उनसे (क्यूरेटर) बात करनी होगी। हमें पूरा भरोसा है कि वह अपना काम अच्छी तरह से करेंगे।"

उन्होंने कहा, "इसलिए निश्चित तौर पर यहां ऐसी पिच नहीं थी जिसे बल्लेबाजों को खास मदद मिल रही हो। यह चुनौतीपूर्ण पिच थी। अभी तक यहां खेले गए दोनों मैच में हमें एक जैसी पिच ही मिली है।"

कार्तिक ने कहा कि टी20 क्रिकेट में लंबे शॉट तथा चौके छक्के काफी मायने रखते हैं और सभी हितधारक ऐसा चाहते हैं। उन्होंने कहा, "टी20 क्रिकेट की प्रकृति ऐसी है कि इसमें जितने अधिक रन बनेंगे उतना प्रसारक को फायदा होगा और प्रशंसकों को भी खुशी होगी। वे सभी चौके छक्के देखना चाहते हैं। हम जो कर सकते हैं उसके लिए अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे।"

भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि वे मैच में किसी विशेष पैटर्न का पालन करने की कोशिश नहीं करते हैं, लेकिन चिन्नास्वामी जैसी पिचों के कारण बल्लेबाजों के लिए स्ट्राइक रोटेट करना भी मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने कहा, "प्रत्येक पिच पर हम यह समझने की कोशिश करेंगे कि इस पर खेलने का सही तरीका क्या है। मुझे नहीं लगता है कि हमने इसके लिए कोई विशेष खाका तैयार किया है। पिच को समझना और उससे तालमेल बिठाना महत्वपूर्ण होता है।"

कार्तिक ने कहा, "लेकिन इस तरह की पिच पर कभी स्ट्राइक रोटेट करना मुश्किल हो जाता है और बड़े शॉट खेलना भी आसान नहीं होता। लेकिन आखिर में यह टी20 है। आपको कुछ शॉट खेलने ही होंगे और इस प्रक्रिया में आपका विकेट भी जा सकता है।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article