Ipl orange Cap Winner in History: आईपीएल 2026 के सबसे ट्रेंडिंग खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी की टक्कर केवल दो बल्लेबाजों साई सुदर्शन और शुभमन गिल से थी, लेकिन जैसे ही आरसीबी के गेंदबाजों ने इन दोनों को पावरप्ले के भीतर आउट किया, ऑरेंज कैप विनर का नाम तय हो गया। आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप का विनर और कोई नहीं बल्कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी बने। वैभव ने 16 मैच की 16 पारी में 48.50 की औसत और 237.31 की स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम किया। इस दौरान वैभव ने 5 अर्धशतक और एक शतक जड़ा। उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 103 रन रहा। 776 में 684 रन वैभव ने बाउंड्री से बनाए। वैभव ने आईपीएल 2026 में 63 चौके और 72 छक्के जड़े। इसके साथ ही वैभव ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। आईपीएल 2026 के टॉप-5 बल्लेबाजों की बात करें तो नंबर दो और तीन पर गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल और साई सुदर्शन के नाम रहा। चौथे नंबर पर हेनरिक क्लासेन ने 624 रन के साथ फिनिश किया। नंबर 5 पर 602 रन के साथ ईशान किशन रहे।
आईपीएल 2026 ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड (Orange Cap 2026)
| क्रम | खिलाड़ी | मैच | रन | 50/100 | छक्के/चौके |
| 1 | वैभव सूर्यवंशी | 16 | 776 | 5/1 | 72/63 |
| 2 | शुभमन गिल | 16 | 732 | 6/1 | 33/74 |
| 3 | साई सुदर्शन | 17 | 722 | 8/1 | 30/75 |
| 4 | हेनरिक क्लासेन | 15 | 624 | 6 | 31/48 |
| 5 | ईशान किशन | 15 | 602 | 6 | 32/70 |
कैसा है ऑरेंज कैप का इतिहास
आईपीएल इतिहास की बात करें तो पहला ऑरेंज कैप पंजाब किंग्स के शॉन मार्श के नाम रहा था। मार्श ने 11 मैच में 616 रन बनाए थे। आखिरी बार गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन ने यह खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने 15 मैच में 759 रन बनाए थे। लेकिन वैभव ने केवल 15 साल की उम्र में इसे अपने नाम कर आईपीएल इतिहास में एक लंबी लाईन खींच दी है जिसे लंबे वक्त तक कोई नहीं मिटा पाएगा।
| साल | खिलाड़ी | मैच | रन |
| 2026 | वैभव सूर्यवंशी | 16 | 776 |
| 2025 | साई सुदर्शन (गुजरात टाइटंस) | 15 | 759 |
| 2024 | विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) | 15 | 741 |
| 2023 | शुभमन गिल (गुजरात टाइटंस) | 17 | 890 |
| 2022 | जोस बटलर (राजस्थान रॉयल्स) | 17 | 863 |
| 2021 | रुतुराज गायकवाड़ (चेन्नई सुपर किंग्स) | 16 | 635 |
| 2020 | केएल राहुल (पंजाब किंग्स) | 14 | 670 |
| 2019 | डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) | 12 | 692 |
| 2018 | केन विलियमसन (सनराइजर्स हैदराबाद) | 17 | 735 |
| 2017 | डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) | 14 | 641 |
| 2016 | विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) | 16 | 973 |
| 2015 | डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) | 14 | 562 |
| 2014 | रॉबिन उथप्पा (कोलकाता नाईट राइडर्स) | 16 | 660 |
| 2013 | माइकल हसी (चेन्नई सुपर किंग्स) | 16 | 733 |
| 2012 | क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) | 15 | 733 |
| 2011 | क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) | 12 | 608 |
| 2010 | सचिन तेंदुलकर (मुंबई इंडियंस) | 15 | 618 |
| 2009 | मैथ्यू हेडन (चेन्नई सुपर किंग्स) | 12 | 572 |
| 2008 | शॉन मार्श (पंजाब किंग्स) | 11 | 616 |
दो खिलाड़ी रहे हैं सबसे लकी
आईपीएल इतिहास की बात करें तो सभी 19 ऑरेंज कैप विनर में केवल दो खिलाड़ी ऐसे रहे हैं, जिन्होंने ऑरेंज कैप के साथ आईपीएल ट्रॉफी भी उठाई है। साल 2014 में रॉबिन उथप्पा ने 16 मैच में 660 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीता और इसी साल केकेआर दूसरी बार चैंपियन बनी। दूसरे बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ हैं, उन्होंने 2021 में 16 मैच में 235 रन बनाए थे। इस साल सीएसके ने चौथी बार आईपीएल ट्रॉफी जीती।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
