जयपुर: राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले युवा बल्लेबाज रियान पराग का बल्ला आईपीएल 2024 में लगातार आग उगल रहा है। बुधवार को गुजरात जायंट्स के खिलाफ पराग ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंद में छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। राजस्थान रॉयल्स ने तेज शुरुआत की थी लेकिन जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवा दिए। छठे ओवर में पराग 42 के स्कोर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और टीम को 18.4 ओवर में 172 रन के स्कोर तक पहुंचाने के बाद पवेलियन वापस लौटे। पराग 48 गेंद में 76 रन बनाकर आउट हुए।
34 गेंद में पराग ने जड़ा अर्धशतक
पराग ने कप्तान सैमसन के साथ पिच पर पहले पैर जमाए और उसके बाद गुजरात के गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला बोल दिया। पराग-सैमसन ने 7.3 ओवर में टीम को 50 रन के और इसके बाद 12.4 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 39 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की जिसमें 38 रन का योगदान पराग का रहा। इसी आक्रामक अंदाज में पराग ने बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक 34 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के के साथ पूरा कर लिया। पराग और सैमसन के बीच तीसरे विकेट के लिए 64 गेंद में शतकीय साझेदारी पूरी हुई। इस साझेदारी में पराग ने 65 और सैमसन ने 36 रन का योगदान दिया। 2 रन अतिरिक्त के रूप में आए। इससे आप पराग के दबदबे का अंदाजा लगा सकते हैं। पराग और सैमसन के बीच तीसरे विकेट के लिए 130 (78) रन की साझेदारी हुई।
सीजन में जड़ा तीसरा अर्धशतक
पराग का प्रदर्शन आईपीएल 2024 में शानदार रहा है। उन्होंने लखनऊ के खिलाफ 43 रन की पारी के साथ सीजन की शुरुआत की थी। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पराग ने 84 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली थी। मुंबई के खिलाफ वानखेड़े में भी उनका बल्ला चला और नाबाद 54 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में उनकी भूमिका अहम रही। आरसीबी के खिलाफ पिछले मुकाबले में घर पर पराग 4 रन बनाकर आउट हुए थे लेकिन गुजरात के खिलाफ उन्होंने फिर से धमाकेदार पारी खेल दी। पराग ने आईपीएल में अबतक कुल 5 अर्धशतक जड़े हैं जिसमें से तीन मौजूदा सीजन में आए हैं।
ऐसा रहा है अबतक प्रदर्शन
आईपीएल 2024 में रियान पराग ने 5 मैच की 5 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 261 रन 87 के औसत और 158.18 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। पराग का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 84 रन रहा है। वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में विराट कोहली के बाद दूसरे पायदान पर काबिज हैं।
