IPL 2024 Prize Money, KKR vs SRH Final Match: आईपीएल के खिताबी मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराया। इसी जीत के साथ टीम ने आईपीएल का तीसरा खिताब अपने नाम किया। केकेआर की टीम आईपीएल की तीसरी सबसे सफल टीम बन गई। जबकि चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में 5-5 ट्रॉफी जीते हैं।
चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 18.3 ओवर में 113 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में खेलने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम ने 10.3 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के बाद जानते हैं कि चैम्पियन और रनरअप टीम को इनामी राशि के रूप में कितने रुपए मिले।
केकेआर को मिले करोड़ों रुपए
हैदराबाद को हराकर कोलकाता नाइटराइडर्स ने तीसरा खिताब अपने नाम किया। इसी जीत के साथ टीम को 20 करोड़ रुपए मिले, जबकि हारने वाली टीम को 12.5 करोड़ रुपए मिले। वहीं, आईपीएल के मौजूदा सीजन में ऑरेंज कैप विराट कोहली के नाम रहा, जबकि पर्पल कैप पर हर्षल पटेल ने कब्जा जमाया। अवॉर्ड जीतने वाले दोनों खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपए मिले। इसके अलावा मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर अवार्ड जीतने वाले को 10 लाख और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर को 10 लाख रुपए मिले।
