इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के आखिरी दौर में बारिश ने कई मैचों में विलेन का रोल अदा किया और कई टीमों के प्लेऑफ में पहुंचने के अरमानों पर पानी फेर दिया। सीजन के लीग दौर का अंत रविवार को प्लेऑफ राउंड के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली दो टीमों राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच गुवाहाटी में भिड़ंत के साथ होना था। लेकिन बारिश की वजह मुकाबला नहीं खेला जा सका। इस मैच की वजह से राजस्थान और कोलकाता को एक-एक अंक बांटना पड़ा और इसके साथ ही राजस्थान रॉयल्स का टॉप-2 में रहते हुए लीग दौर का अंत करने का सपना टूट गया।
आईपीएल 2024 के प्लेऑफ के मुकाबले(साभार IPL/BCCI)
दूसरे पायदान पर रही सनराइजर्स हैदराबाद
रविवार दोपहर को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 4 विकेट से जीत दर्ज की और अंक तालिका में दूसरे पायदान पर 14 मैच में 8 जीत, 5 हार और एक रद्द मुकाबले के साथ किया। सनराइजर्स हैदराबाद के खाते में +0.414 नेट रन रेट के साथ कुल 17 अंक हो गए।
बारिश की वजह से राजस्थान को करना पड़ा तीसरे स्थान से संतोष
ऐसे में दूसरे पायदान पर लीग दौर का अंत करने के लिए राजस्थान रॉयल्स को पहले पायदान पर काबिज कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में जीत की दरकार थी लेकिन बारिश की वजह से दोनों टीमों के खाते में एक-एक अंक गया। ऐसे में 14-14 मैच में राजस्थान-हैदराबाद के 17-17 अंक हो गए। ऐसे में नेट रन रेट के आधार पर हैदराबाद ने दूसरे पायदान पर कब्जा कर लिया और राजस्थान को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
आईपीएल 2024 के प्लेऑफ मुकाबले का शेड्यूल( IPL 2024 Playoff Full Schedule)
| तारीख | टीम 1 | टीम 2 | वेन्यू | |
| क्वालीफायर-1 मैच | 21 मई, 2024 | कोलकाता नाइट राइडर्स | सनराइजर्स हैदराबाद | अहमदाबाद |
| एलिमिनेटर मैच | 22 मई , 2024 | राजस्थान रॉयल्स | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर | अहमदाबाद |
| क्वालीफायर-2 मैच | 24 नई, 2024 | क्वालीफायर 1 में हारने वाली टीम | एलिमिनेटर मुकाबले में जीतने वाली टीम | चेन्नई |
| फाइनल | 26 मई, 2024 | क्वालीफायर-1 की विजेता | क्वालीफायर-2 की विजेता | चेन्नई |
पहले क्वालीफायर में होगी केकेआर-हैदराबाद में भिड़ंत
ऐसे में प्लेऑफ दौर के पहले क्वालीफायर मुकाबले में 21 मई को अहमदाबाद में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत होगी। वहीं एलिमिनेटर मुकाबले में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच भिड़ंत होगी। ये मैच भी 22 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
चेन्नई में खेले जाएगा दूसरा क्वालीफायर और फाइनल
24 मई को सीजन का दूसरा एलिमिनेटर मुकाबला पहले क्वालीफायर (KKR vs SRH) में हारने वाली और एलिमिनेटर मुकाबले(RR vs RCB) में जीतने वाली टीम के बीच चेन्नई में होगा। इसके बाद इसी मैदान पर 26 मई को आईपीएल 2024 का खिताबी मुकाबला भी खेला जाएगा।
