क्रिकेट

KKR vs SRH: बड़े मैच का बड़ा खिलाड़ी, क्वालीफायर में आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर ने बरपाया कहर

आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज मिचेल स्टार्क सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने असली रंंग में नजर आए और अपने पहले स्पेल में तीन विकेट चटकाकर हैदराबाद की टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।

Image

मिचेल स्टार्क(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • मिचेल स्टार्क ने बरपाया केकेआर के खिलाफ कहर
  • पहले स्पेल में झटके तीन विकेट
  • दूसरी ही गेंद पर किया ट्रेविस हेड का शिकार

अहमदाबाद:इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के मंगलवार को पहले क्वालीफायर मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अपने असली रंग में नजर आए। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिचेल स्टार्क ने केकेआर के लिए गेंदबाजी की शुरुआत की और दूसरी ही गेंद पर उन्होंने फॉर्म में चल रहे ट्रेविस हेड को चलता कर दिया। ट्रेविस हेड स्टार्क की गेंद पर गच्चा खाकर बोल्ड हो गए और अपना खाता भी नहीं खोल पाए।

लगातार दो गेंद में झटके दो विकेट

स्टार्क ने इस शानदार शुरुआत को भी जारी रखा और अपने स्पेल के तीसरे ओवर में लगातार दो खिलाड़ियों को चलता कर दिया। युवा ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी स्टार्क का दूसरा शिकार बने। स्टार्क ने उन्हें विकेटकीपर के हाथों कैच कराया। इसके बाद अगली ही गेंद पर बल्लेबाजी करने आए शाहबाद अहमद को शानदार यॉर्कर पर बोल्ड कर दिया। अपनी इस घातक गेंदबाजी के बल पर स्टार्क ने सनराइजर्स हैदराबाद को 4 विकेट पर 39 रन के स्कोर के साथ बैकफुट पर धकेल दिया। स्टार्क ने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

24.75 करोड़ में हुए थे नीलाम

मिचेल स्टार्क को आईपीएल 2024 के लिए हुई नीलामी में केकेआर ने 24.75 करोड़ की मोटी कीमत खर्च करके अपनी टीम में शामिल किया था। स्टार्क आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बनने के बाद वो सीजन के फर्स्ट हाफ में वो खेल नहीं दिखा सके जिसके लिए वो जाने जाते हैं। लेकिन सेकेंड हाफ में उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली और विरोधी टीमों के लिए परेशानी का सबब बन गए।

शानदार रहा है आईपीएल 2024 में स्टार्क का प्रदर्शन

स्टार्क ने मौजूदा सीजन में खेले 13 मैच में खबर लिखे जाने तक 15 विकेट 27.87 के औसत और 11.05 की इकोनॉमी के साथ हासिल किए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 33 रन देकर 4 विकेट रहा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article