IPL 2024, LSG (Lucknow Super Giants) vs SRH (Sunrisers Hyderabad) Pitch Report And Hyderabad Weather Forecast Today: आईपीएल 2024 में आज सीजन का 57वां मुकाबला खेला जाना है। इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच खेला जाएगा। उतार-चढ़ाव भरे सफर से गुजर रही मेजबान हैदराबाद की टीम आज अपने मैदान पर लौट रही है तो वे इसका पूरा फायदा उठाने का प्रयास करेंगे। आज होने वाले लखनऊ-हैदराबाद आईपीएल मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी केएल राहुल (KL Rahul) करेंगे, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद की कमान पैट कमिंस (Pat Cummins) के हाथों में होगी।
लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद पिच रिपोर्ट
आज लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जाने वाले मैच से पहले आइए जान लेते हैं कि मौजूदा सीजन में इन दोनों टीमों का अब तक प्रदर्शन कैसा रहा है और अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति कैसी है। लखनऊ की टीम ने अब तक 11 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 6 मैच जीते हैं और 5 मैचों में उनको हार का सामना करना पड़ा है। इस तरह वे 12 अंक लेकर अंक तालिका में छठे स्थान पर हैं। उनका नेट रन रेट -0.371 है। वहीं, दूसरी तरफ है सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जो अब तक 11 मैच खेल चुकी है और उसने 6 मैच जीते हैं और 5 मैच गंवा दिए हैं। हैदराबाद के भी 12 अंक हैं लेकिन वे अंक तालिका में लखनऊ की तुलना में बेहतरन नेट रन रेट के चलते इस समय चौथे स्थान पर हैं। आज का मैच दोनों टीमों के लिए काफी अहम है क्योंकि दोनों की स्थिति आंकड़ों में तकरीबन बराबर है और जो भी ये मैच जीतता है वो बड़े अंतर से जीत दर्ज करके टॉप-4 में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहेगा।
लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद मैच की पिच रिपोर्ट (LSG vs SRH Pitch Report)
मौजूदा आईपीएल सीजन में हैदराबाद की पिच ने गजब के तेवर दिखाए हैं। इस पिच पर खूब रन बरसे हैं और आज जब लखनऊ की टक्कर मेजबान हैदराबाद टीम से होगी तो वैसा ही नजारा एक बार फिर देखने को मिल सकता है जहां बल्लेबाज पूरी तरह हावी नजर आएंगे। अब तक इस सपाट पिच पर मौजूदा सीजन में 4 मैच खेले गए हैं जिसमें 5 पारियों में स्कोर 200 रन के पार गया है। यहां खेले गए पिछले मुकाबले की बात करें तो वो बहुत रोमांचक रहा था जिसमें हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 201 रन बनाए थे। जवाब में उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम को अंतिम गेंद पर जीत के लिए सिर्फ दो रन चाहिए थे लेकिन भुवनेश्वर कुमार की शानदार गेंद पर पॉवेल एलबीडब्ल्यू हो गए और हैदराबाद ने 1 रन से मैच अपने नाम कर लिया। यहां तेज गेंदबाज अंतिम ओवरों में मैच पलटने का दम रखते हैं इसलिए बल्लेबाजों को लक्ष्य का पीछा करते हुए रनों की बारिश के बावजूद संभलकर रहना होगा।
आज कैसा है हैदराबाद का मौसम (Hyderabad Weather Today)
लखनऊ और हैदराबाद के बीच आज होने वाला मैच हैदराबाद में होना है तो यहां के मौसम की बात भी कर लेते हैं। फिलहाल चिंताजनक रिपोर्ट ये है कि हैदराबाद में आज बारिश का अनुमान है और शाम को 7.30 बजे जब मुकाबला शुरू होगा तो बारिश मैच में बाधा पैदा कर सकती है। यहां उमस भी काफी रहेगी। हैदराबाद में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने के आसार हैं, वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है।
लखनऊ और हैदराबाद की टीमें (Lucknow And Hyderabad Squads)
सनराइजर्स हैदराबाद टीमः पैट कमिंस (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, अब्दुल समद, नीतिश रेड्डी, शाहबाज अहमद, भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी नटराजन, मयंक मार्कंडेय, उमरान मलिक, अनमोलप्रीत सिंह , ग्लेन फिलिप्स, राहुल त्रिपाठी, वाशिंगटन सुंदर, उपेन्द्र यादव, झटवेध सुब्रमण्यन, सनवीर सिंह, विजयकांत व्यासकांत, फजलहक फारूकी, मार्को यानसेन, आकाश महाराज सिंह और मयंक अग्रवाल।
लखनऊ सुपर जायंट्स टीम: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, काइल मेयर्स, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुडा, क्रुणाल पंड्या, युद्धवीर सिंह, प्रेरक मांकड़, यश ठाकुर, अमित मिश्रा, शमर जोसेफ, मयंक यादव, मोहसिन खान, के गौतम, शिवम मावी, अर्शिन कुलकर्णी, एम सिद्धार्थ, एश्टन टर्नर, मैट हेनरी, मोहम्मद अरशद खान, देवदत्त पडिक्कल, रवि बिश्नोई और नवीन उल हक।
