IPL 2024 Final KKR vs SRH: इंडियन प्रीमियर लीग का 17वां सीजन अपने अंत की ओर बढ़ रहा है और खिताबी मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की टक्कर कोलकाता नाइट राइडर्स से होने वाली है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित मैच में एक तरफ जहां दो कप्तान पैट कमिंस और श्रेयस अय्यर अपनी रणनीति से मैच को जीतना चाहेंगे वहीं दूसरी ओर मैच में दो बर्थडे ब्वॉय के बीच भी टक्कर होगी जिन्हें उनकी टीम आईपीएल ट्रॉफी का तोहफा देना चाहेंगी।
2014 के बाद से अपने पहले खिताब का लक्ष्य लेकर चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और 2016 से अपने चैंपियनशिप सूखे को खत्म करने की कोशिश कर रही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) दोनों की नजरें प्रतिष्ठित आईपीएल ट्रॉफी पर टिकी हैं। आज के दिन दो स्टार खिलाड़ियों का जन्मदिन है जो कि इस मैच पर बड़ा इम्पैक्ट छोड़ सकते हैं।
इन दो बर्थडे ब्वॉय के बीच टक्कर
फाइनल वाले दिन कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार ऑलराउंडर सुनील नरेन का बर्थडे है। नरेन का जन्म 26 मई 1988 को हुआ था। वे आज 36 साल के हो गए हैं। सुनील नरेन आईपीएल में केकेआर के त्रूप का इक्का रहे हैं। उन्होंने 400 से ज्यादा रन बना लिए हैं और गेंद से भी कमाल कर रहे हैं। ऐसे में वे आज अपने बर्थडे पर ट्रॉफी जीतना चाहेंगे।
नरेन के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के उभरते हुए सितारे नीतीश रेड्डी का भी आज जन्मदिन है। रेड्डी का जन्म 26 मई 2003 को हुआ था। उन्होंने आईपीएल 2024 में अपनी बल्लेबाजी से सभी को इंप्रेस किया है। रेड्डी मुश्किल समय में हैदराबाद के लिए संजीवनी बूटी की तरह परफॉर्म कर रहे हैं। वे भी फाइनल में टीम को जीत का रिटर्न गिफ्ट देना चाहेंगे।
