Yashashvi Jaiswal: राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे युवा बल्लेबाज जशस्वी जायसवाल ने गुरुवार को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल में अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। मौजूदा सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहे यशस्वी ने सीएसके के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को जोस बटलर के साथ मिलकर तेज शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर 26 गेंद में पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। जिसमें 37 रन का योगदान दिया।
26 गेंद में जायसवाल ने जड़ा पचासा
इसके बाद उन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी को जारी रखते हुए 26 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। यह सीजन में उनका तीसरा अर्धशतक है। जायसवाल और बटलर के बीच पहले विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी 50 गेंद में हुई। अर्धशतक पूरा करने के बाद यशस्वी एक छोर संभाले रहे और 14वें ओवर में तुषार देशपांडे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कैच दे बैठे। उन्होंने 43 गेंद में 77 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के जड़े।
आकाश सिंह के छुड़ाए छक्के
यशस्वी जायसवाल ने अपनी पारी के दौरान आकाश सिंह के खिलाफ हल्ला बोल दिया। उनके एक ओवर में 18 रन जड़ दिए जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था। यह पारी का महज तीसरा ओवर था जिसमें जायसवाल ने आकाश को निशाने पर लिया था और अपने इरादे जाहिर कर दिए थे कि वो आज क्या करने के इरादे से मैदान में उतरे हैं।
आईपीएल 2023 में मचा रहे हैं धमाल
यशस्वी जायसवाल का बल्ला आईपीएल 2023 में जमकर चल रहा है। वो अबतक खेले 8 मैच की 8 पारियों में 38 के औसत और 147.57 के स्ट्राइक रेट से 304 रन बना चुके हैं। जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। चौथी बार आईपीएल में खले रहे हैं और ये उनका सर्वश्रेष्ठ सीजन बन गया है। पिछली बार 20 मैच में यशस्वी ने 25.80 के औसत से 258 रन बनाए थे। 68 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर था।
