एम चिन्नास्वामी में खेले गए आईपीएल के 36वें मैच में कोलकाता नाईट राइडर्स ने आरसीबी को 21 रन से हरा दिया। आरसीबी के सामने 201 रन का बड़ा लक्ष्य था, लेकिन टीम निर्धारित ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर केवल 179 रन ही बना सकी। आरसीबी की तरफ से आज के मैच में केजीएफ शो नहीं देखने को मिला और केवल विराट कोहली ने 37 गेंद में 54 रन की पारी खेली। विराट के अलावा लोमरोर ने कोलकाता के गेंदबाजों के सामने थोड़ा संघर्ष किया। उन्होंने 18 गेंद में 34 रन बनाए।
एक बार फिर कोलकाता के लिए जीत की कहानी उनके स्पिन गेंदबाजों ने लिखी। वरुण चक्रवर्ती ने 3 और सुयश शर्मा ने 2 विकेट चटकाए। आंद्रे रसेल ने भी 2 विकेट झटके। इससे पहले कोलकाता ने जेसन रॉय के 56 और नीतीश राणा की 48 रन की विस्फोटक पारी के दम पर 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। इस सीजन में तीसरे मैच में कप्तानी कर रहे विराट कोहली की यह पहली हार है। हार के बाद उन्होंने अपने फील्डरों को जम कर लताड़ लगाई।
हार के बाद क्या बोले विराट?
विराट कोहली ने हार के बाद कहा 'ईमानदारी से कहूं तो हमने जीत उन्हें सौंप दी। हम अपने स्टैंडर्ड से नहीं खेले। यदि आप मैच को देखें तो हमने अपने मौके नहीं भुनाए। हमने कुछ कैच छोड़े जिसका खामियाजा हमें 25-30 रन अधिक देकर भुगतना पड़ा। चेज करते वक्त आपको साझेदारियां बनानी पड़ती है और हम ऐसा करने में नाकाम रहे। हमें एक साझेदारी की जरूरत थी जो हमें जीत दिला सकती थी। लेकिन इस हार से हम निराश बिल्कुल नहीं हुए हैं और हम अपनी ताकत जानते हैं। आने वाले मैच में हम अपनी स्ट्रैंथ के साथ उतरेंगे।
