क्रिकेट

IPL 2023: थ्री डी प्लेयर मचा रहा है धमाल, आतिशी अर्धशतक जड़कर दिलाई गुजरात को जीत

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 29, 2023, 09:43 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग में भारतीय टीम के लिए खेल चुके ऑलराउंडर विजय शंकर का बल्ला जमकर रन उगल रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों की उन्होंने सीजन में दूसरी बार छक्के छुड़ा दिए।

Image

विजय शंकर(साभार IPL/BCCI)

कोलकाता: इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन में गुजरात टाइटन्स के लिए खेल रहे ऑलराउंडर विजय शंकर का बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने अबतक खेले 6 मैच में अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है। शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 24 गेंद में नाबाद 51 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को सीजन की छठी जीत दिलाई और अंक तालिका में टॉप पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

मिलर के साथ की 39 गेंद में 87 रन की साझेदारी

जीत के लिए कोलकाता के खिलाफ 180 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने 11.2 ओवर में 93 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। पांच गेंद के अंतलार पर हार्दिक पांड्या और शुभमन गिल पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में विजय शंकर ने डेविड मिलर के साथ मोर्चा संभाला और आतिशी बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को 13 गेंद और 7 विकेट रहते जीत दिला दी। उनके और मिलर के बीच 39 गेंद में नाबाद 87 रन की मैच जिताऊ साझेदारी हुई। जिसमें विजय शंकर ने 21 गेंद में 49 रन का योगदान दिया। अंत में वो 24 गेंद में 51 रन बनाकर नाबाद रहे जिसमें 2 चौके और 5 छक्के जड़े।

केकेआर के खिलाफ जड़ा सीजन में दूसरा अर्धशतक

विजय शंकर ने 24 गेंद में 2 चौके और पांच छक्के की मदद से सीजन का दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इससे पहले अहमदाबाद में केकेआर के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी। उस मैच में उन्होंने 24 गेंद में नाबाद 63 रन बनाए थे। 262.5 के स्ट्राइक रेट से खेली उस पारी में के दौरान विजय शंकर ने 4 चौके और 5 छक्के जड़े थे और कप्तान हार्दिक की कमी टीम की नहीं खलने दी थी। हालांकि रिंकू सिंह की आतिशी पारी की वजह से केकेआर वो मैच जीतने में सफल रही थी।

मौजूदा सीजन में ऐसा रहा है विजय शंकर का प्रदर्शन

आईपीएल 2023 में अबतक खेले 6 मैच में विजय शंकर ने 49.75 के औसत और 165.83 के स्ट्राइक रेट से 199 रन बनाए हैं। जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 63 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। इस दौरान उन्होंने 13 चौके और 12 छक्के भी जड़े। विजय शंकर को अबतक गेंदबाजी में हाथ दिखाने का मौका नहीं मिला है लेकिन बल्लेबाज में ही वो अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article