क्रिकेट

RCB vs MI: जब मुंबई इंडियन्स के दिग्गजों ने डाले हथियार, 20 साल कै युवा तिलक वर्मा बने तारणहार

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 2, 2023, 10:47 PM IST

20 साल के तिलक वर्मा ने आईपीएल में पिछले सीजन के फॉर्म को बरकरार रखते हुए आरसीबी के खिलाफ आईपीएल 2023 के पहले मुकाबले में धमाकेदार पारी खेलकर अपनी टीम को मुश्किल से उबरा।

Image

तिलक वर्मा(साभार IPL/BCCI)

बेंगलोर: आईपीएल 2023 के अपने पहले मुकाबले में रविवार को मुंबई इंडियन्स की टीम आरसीबी का सामना करने उतरी। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। 20 रन के स्कोर पर ईशान किशन, कैमरन ग्रीन और रोहित शर्मा जैसे बल्लेबाज पवेलियन वापस लौट चुके थे। ऐसे में बल्लेबाजी करने 20 साल के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा उतरे। लेकिन थोड़ी ही देर बाद दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे सूर्यकुमार यादव भी पवेलियन वापस लौट गए।

48 रन पर मुंबई ने गंवा दिए थे 4 विकेट

8.5 ओवर में 48 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद मुंबई की टीम बैकफुट पर नजर आ रही था। ऐसे में पिछले सीजन अपने बल्ले से धमाल मचाने वाले तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और टीम को अंत तक पिच पर टिके रहे। वर्मा ने 46 गेंद पर 84 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 7 विकेट पर 171 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। दूसरे छोर पर वर्मा को थोड़ी देर डेब्युटेंट नेहल वढेरा(21) का साथ मिला। वहीं अंत में 9 गेंद पर 15 रन बनाकर अर्शद खान नाबाद रहे।

32 गेंद में वर्मा ने जड़ा पचासा

वर्मा ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना आईपीएल में तीसरा अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने और तेजी से रन बनाए और अंत में 46 गेंद पर 84 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 182.60 के स्ट्राइकरेट से रन बनाए। अपनी धुआंधार पारी के दौरान तिलक ने 9 चौके और 4 छक्के भी जड़े। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए नेहल वढेरा के साथ 30 गेंद 50 और आठवें विकेट के लिए 18 गेंद में नाबाद 48* रन की साझेदारी की।

पिछले सीजन मचाया था वर्मा ने बल्ले से धमाल

20 लाख रुपये बेस प्राइज वाले तिलक वर्मा को साल 2022 में हुए मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियन्स ने 1.7 करोड़ रुपये खर्च करके अपनी टीम में शामिल किया था। मुंबई के लिए पहले ही सीजन में वर्मा फायदे का सौदा साबित हुए लोअर मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए पिछले सीजन में उन्होंने 14 मैच में 3 बार नाबाद रहते हुए 36.09 के औसत औक 131.02 के स्ट्राइक रेट से 397 रन बनाए थे। जिसमें 2 अर्धशतक शामिल थे। 61 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article