IPL 2023, SRH vs PBKS: पंजाब सुपरकिंग्स की टीम कप्तान शिखर धवन की 99 रनों की नाबाद पारी के बावजूद रविवार का मैच सनराइजर्स हैदराबाद से हार गई। अपनी टीम के फेल होने के पीछे गब्बर के नाम से मशहूर क्रिकेटर धवन ने लड़खड़ाए बैटिंग ऑर्डर को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा- हमने जिस तरह से विकेट खोए और बड़ा स्कोर न बनाए पाए...वही हमारी हार का कारण है।
रविवार (नौ अप्रैल, 2023) को मैच के बाद हुई प्रेजेंटेशन के वक्त उन्होंने कहा, "बैटिंग यूनिट के नाते हमने एक के बाद एक कई सारे विकेट गंवाए और मैदान में बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर पाए। यही वजह रही कि हम मुकाबला हार गए। 175-180 उचित स्कोर हो सकता था।"
बकौल धवन, "पिच भी अच्छी थी, पर इस पर गेंद काफी घूम रही थी। टीम के नाते हमारे लिए ढेर सारी चीजें सीखने के लिए रहीं। हम अब देखेंगे कि और कहां पर बेहतर कर के और मजबूती के साथ वापसी की जा सकती है।"
वह आगे बोले- मैं कप्तानी का आनंद ले रहा हूं और आगे आकर टीम का नेतृत्व कर रहा हूं। हमारी टीम में बहुत सारे अच्छे खिलाड़ी हैं। टूर्नामेंट में काफी मजा आ रहा है और मैं हर दिन यह आनंद ले रहा हूं।
दरअसल, हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में हुए इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को आठ विकेट से मात दी। ऐसा कर के हैदराबाद की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सेशन में अपनी पहली विजय प्राप्त की।
सिर्फ 1 रन से रह गया "गब्बर" का शतक
- पारी - नाबाद
- रन - 99
- बॉल - 66
- चौके- 12
- छक्के - 5
- स्ट्राइक रेट - 150
