IPL 2023, Washington Sundar: आईपीएल 2023 के चोटिल खिलाड़ियों की सूची में एक और नाम जुड़ गया है। इस लिस्ट में सबसे ताजा नाम सनराइजर्स हैदराबाद के भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर का है, जो हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण आईपीएल 2023 से बाहर हो गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने इसकी पुष्टि कर दी है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने ट्वीट करके इसकी जानकारी देते हुए लिखा, "वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण आईपीएल 2023 से बाहर हो गए हैं। जल्द स्वस्थ हो जाएं आप।"
वॉशिंगटन सुंदर ने इस आईपीएल सीजन में अब तक सात मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने तीन विकेट लिए हैं जबकि बल्लेबाजी करते हुए 60 रन बनाए हैं। सुंदर पिछले आईपीएल सीजन में भी चोटिल हुए थे। फिलहाल उनका बाहर होना सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बड़ी चुनौती बन गया है क्योंकि हैदराबाद की टीम ने अब तक सात मैचों में सिर्फ दो मुकाबले जीते हैं।
