क्रिकेट

IPL 2023: रिंकू सिंह ने 5 गेंद में 5 छक्के जड़कर मचाई विजयी सनसनी, राशिद की हैट्रिक पर फेरा पानी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 9, 2023, 08:08 PM IST

कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलने वाले यूपी के धुरंधर बल्लेबाज रिंकू सिंह ने रविवार को अहमदाबाद में मेजबान गुजरात जायंट्स के जबड़े से पांच गेंद में पांच छक्के जड़कर जीत दर्ज कर ली।

Image

रिंकू सिंह गुजरात के खिलाफ जीत का जश्न मनाते हुए(साभार IPL/BCCI)

अहमदाबाद: आईपीएल 2023 के रविवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मुकाबले में रोमांच की सभी सीमाएं पार हो गईं। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 204 रन का स्कोर खड़ा किया था। जीत के लिए 205 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 19 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन बना लिए थे। जीत के लिए आखिरी 6 गेंद पर 29 रन केकेआर को बनाने थे। स्ट्राइक पर उमेश यादव थे और दूसरे छोर पर रिंकू सिंह थे। ऐसे में केकेआर ने रिंकू सिंह की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत गुजरात के घर पर उसके जबड़े से जीत छीन ली।

राशिद ने हैट्रिक लेकर पलटा था मैच

17वें ओवर में गुजरात जायंट्स के कार्यवाहक कप्तान राशिद खान ने हैट्रिक लेकर मैच को गुजरात के पाले में कर दिया था लेकिन रिंकू सिंह ने मैच की आखिरी पांच गेंदों पर यश दयाल के खिलाफ पांच छक्के जड़कर कोलकाता को 3 विकेट से अविश्वसनीय जीत दिला दी। रिंकू सिंह 21 गेंद में 48 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने इस पारी के दौरान 1 चौका और 5 छक्के जड़े।

रिंकू सिंह ने जड़ दिए पांच गेंद में पांच छक्के

20वें ओवर की पहली गेंद पर उमेश यादव ने एक रन लेकर स्ट्राइक रिंकू सिंह को दे दी। रिंकू सिंह ने इसके बाद यश दयाल की गेंदों की बखिया उधेड़ दी। उन्होंने लॉन्ग ऑफ, बैकवर्ड स्कवैर लेग, लॉन्ग ऑफ, लॉन्ग ऑन और लॉन्ग ऑन की दिशा में लगातार पांच छक्के जड़कर अपनी टीम को जीत दिला दी।

आखिरी ओवर में सबसे ज्यादा रन किए चेज

कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल के इतिहास में आखिरी ओवर में सबसे ज्यादा रन स्कोर करके जीत दर्ज करने का नया रिकॉर्ड भी कायम कर दिया। ऐसे तो जीत के लिए केकेआर को 29 रन बनाने थे लेकिन रिंकू सिंह के पांच छक्के और उमेश यादव के एक रन की बदौलत केकेआर ने कुल 31 रन अंतिम ओवर में बना दिए जो कि सबसे ज्यादा है। इससे पहले साल 2016 में पुणे सुपर जायंट्स ने पारी के आखिरी ओवर में पंजाब किंग्स के खिलाफ पारी के आखिरी ओवर में 23 रन बनाकर जीत दर्ज की थी। अब ये रिकॉर्ड केकेआर के नाम दर्ज हो गया है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article