अहमदाबाद: इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए 25 वर्षीय बल्लेबाज रिंकू सिंह ने अपना नाम आईपीएल की रिकॉर्ड बुक्स में क्रिस गेल जैसे आतिशी बल्लेबाज के साथ दर्ज करा लिया। रिंकू ने आखिरी 5 गेंद में 5 छक्के जड़कर कोलकाता को अविश्वसनीय जीत दिला दी। जीत के लिए अंतिम ओवर में गुजराज जायंट्स के खिलाफ जीत के लिए कोलकाता को 29 रन बनाने थे। ऐसे में दूसरी गेंद पर स्ट्राइक पर पहुंचे रिंकू ने आव देखा ताव और यश दयाल की आखिरी पांच गेंदों में पांच छक्के जड़कर अपनी टीम को यादगार जीत दिला दी।
आईपीएल के स्पेशल क्लब में हुई एंट्री
इसके साथ ही रिंकू ने आईपीएल में एक ओवर में पांच छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया। आईपीएल इतिहास में ये कारनामा साल 2012 में यूनिवर्स बॉस के नाम से विख्यात क्रिस गेल ने किया था। इसके 8 साल बाद राहुल तेवतिया ने शारजाह में पंजाब किंग्स के खिलाफ शेल्डन कॉट्रेल की गेंद पर इस कारनामे को दोहराया। साल 2021 में रवींद्र जडेजा भी पांच छक्के एक ओवर में जड़कर इस स्पेशल आईपीएल क्लब में शामिल हो गए। अब इस क्लब में रिंकू सिंह की भी एंट्री हो गई है।
धमाकेदार अंदाज में सुधारी एक साल पुरानी भूल, 7 गेंद में जड़े 40 रन
एक साल पहले रिंकू सिंह लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रिंकू सिंह ने अंतिम ओवरों में 15 गेंद में 40 रन की पारी खेली थी लेकिन टीम को जीत की दहलीज नहीं पार करा सके थे। लेकिन एक साल बाद अपनी उस भूल को गुजरात के खिलाफ सुधारते हुए रिंकू ने 21 गेंद में 48 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। आखिरी 7 गेंद में उन्होंने 40 रन(6,4,6,6,6,6,6) बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी।
