IPL 2023, Narayan Jagadeesan takes brilliant catch: आईपीएल के 16वें सीजन के हर मुकाबले में रोमांच देखने को मिल रहा है। रविवार को खेले गए चौथे डबल हेडर के पहले मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए पहला मैच खेल रहे 27 साल के नारायण जगदीशन ने शानदार कैच लपका। उनका यह कैच अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
ऋद्धिमान साहा का कैच लपका जगदीशन ने
रविवार को डबल हेडर के पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस दौरान गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऋद्धिमान साहा ने अच्छी शुरुआत की। वे 3 चौकों की मदद से 17 रन बनाकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे। इस बीच पांचवें ओवर की दूसरे गेंद पर ऋद्धिमान साहा ने लंबा शॉट खेलना चाहा, लेकिन नारायण जगदीशन ने शानदार कैच लपक लिया और ऋद्धिमान को वापस पवेलियन भेज दिया।
केकेआर ने 90 लाख रुपए में खरीदा था जगदीशन
कोच्चि में पिछले साल दिसंबर में हुए ऑक्शन में नारायण जगदीशन को लेकर कई टीमों ने रुचि दिखाई थी। उनको लेकर चेन्नई और कोलकाता में काफी खींचतान देखने को मिला था, लेकिन अंत में केकेआर ने उनको 90 लाख रुपए में खरीदकर टीम में शामिल किया था। इससे पहले वे आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते थे।
जगदीशन ने 110 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं रन
नारायण जगदीशन के पास आईपीएल में ज्यादा खेलने का अनुभव नहीं है। वे आईपीएल में अभी तक सिर्फ सात मैच खेल चुके हैं। इसमें वे 110.61 की स्ट्राइक रेट से कुल 73 रन बनाए हैं। इसमें 7 चौके और एक छक्का शामिल है। जगदीशन 2020 में पहली बार आईपीएल मुकाबला खेलने के लिए मैदान पर उतरे थे। 2020 में उन्होंने कुल पांच मैच खेले थे, जिसमें वे 113.50 की स्ट्राइक रेट से कुज 33 रन बनाए थे। इसके अगले साल यानी 2021 में खेलने का मौका नहीं मिला। 2022 में उनको सिर्फ दो मैच में मैदान पर उतरने का मौका मिला। उन्होंने इस दो मैचों में 108.11 की स्ट्राइक रेट से कुल 40 रन बनाए थे।
