क्रिकेट

लखनऊ के नवाबों ने उड़ाए पंजाब के किंग्स के छक्के, आरसीबी का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने से चूके

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 28, 2023, 10:06 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार को पंजाब किंग्स के गेंदबाजों की उनके घर पर जमकर धुनाई की और सीजन का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। लेकिन आईपीएल इतिहास का सबसे बड़े स्कोर का आरसीबी का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गई।

Image

मार्कस स्टोइनिस और निकोलस पूरन(साभार IPL/BCCI)

Highest Total by Team in IPL: केएल राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम शुक्रवार को मोहाली में पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल इतिहास में एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने का रिकॉर्ड अपने नाम करने से 6 रन के अंतर से चूक गई। पंजाब के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 257 रन का स्कोर खड़ा किया और आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर अपने नाम करने में सफल रही।

गेल के धमाल से आरसीबी ने खड़ा किया था रनों का पहाड़

आरसीबी ने साल 2013 में राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के खिलाफ 20 ओवर में 5 विकेट पर 263 रन का स्कोर खड़ा किया था। इस मैच में क्रिस गेल ने नाबाद 175 रन की रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली थी। इस पारी के दौरान गेल ने 66 गेंद का सामना किया और 102 मिनट तक बल्लेबाजी करते हुए 13 चौके और 17 छक्के अपनी पारी में जड़े थे। उनके बाद आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान थे। उन्होंने 33 रन की पारी खेली थी। उनके अलावा एबी डिविलियर्स ने 8 गेंद में 31 रन की आतिशी पारी खेलकर टीम इस विशाल स्कोर तक पहुंचाया था। आरसीबी का ये रिकॉर्ड पिछले एक दशक से जस का तस बना हुआ है।

जमकर चला लखनऊ के विदेशी बल्लेबाजों का बल्ला

लखनऊ के बल्लेबाजों ने पंजाब के खिलाफ पिच पर जमकर बल्लेबाजी की। काइल मेयर्स ने 20 गेंद में पचासा जड़ा और 54 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद मार्कस स्टोइनिस और निकोलस पूरन ने बीच के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करके टीम को 15.5 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। 19.2 ओवर में आरसीबी ने 250 रन के आंकड़े को पार किया और आईपीएल इतिहास में ऐसा करने वाली दूसरी टीम बनी। इसके बाद चार गेंद में 13 रन लखनऊ को आरसीबी के रिकॉर्ड की बराबरी के लिए बनाने थे लेकिन वो ऐसा नहीं कर सकी। स्टोइनिस ने 40 गेंद में 72 और निकोलस पूरन ने 19 गेंद में 45 रन की धमाकेदार पारियां खेलीं। वहीं आयुष बदोनी ने 24 गेंद में 45 रन की पारी खेली।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article