क्रिकेट

IPL 2023: क्रिस गेल की कमी पूरी कर रहा है ये खिलाड़ी, फिर खेल डाली धमाकेदार पारी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 28, 2023, 09:37 PM IST

आईपीएल में अपने डेब्यू सीजन में वेस्टइंडीज का बांए हाथ का धाकड़ बल्लेबाज पहचान बना रहा है। उन्हें यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का नया अवतार माना जा रहा है।

Image

काइल मेयर्स (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • काइल मेयर्स का जमकर बोल रहा है आईपीएल में बल्ला
  • पंजाब किंग्स के खिलाफ जड़ा 20 गेंद में पचासा
  • डेब्यू सीजन में जड़ चुके हैं चार अर्धशतक

Kyle Mayers: यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल पिछले दो सीजन से आईपीएल से नदारद हैं लेकिन उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी की कमी प्रशंसकों को लगातार खल रही है। लेकिन मौजूदा सीजन में लखनऊ सूपर जायंट्स की ओर से खेल रहे काइल मेयर्स अपनी आतिशी बल्लेबाजी से गेल की कमी पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं। गेल वाले आतिशी अंदाज में मेयर्स गेंदबाजों का तेल निकाल रहे हैं और रनों का अंबार लगाते जा रहे हैं। 30 वर्षीय काइल मेयर्स को प्रशंसक और क्रिकेट पंडित दोनों ही क्रिस गेल का नया अवतार बता रहे हैं। दोनों के ऐसा कहने की वजह उनका मौजूदा सीजन में आतिशी प्रदर्शन है।

20 गेंद में जड़ा चौथा अर्धशतक

शुक्रवार को मेयर्स ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ मोहाली में 24 गेंद में 54 रन की आतिशी पारी खेली। मेयर्स ने 225 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए पंजाब के गेंदबाजों के खिलाफ अपनी धमाकेदार पारी के दौरान 7 चौके और 4 छक्के जड़े। उन्होंने 20 गेंद में 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से अपना सीजन का चौथा अर्धशतक पूरा किया। वो अपनी पारी की बड़ा नहीं कर सके और 54 रन बनाकर कगिसो रबाडा की गेंद पर लपके गए।

50 लाख की कीमत में बिके, लगाया रनों का अंबार

50 लाख की कीमत वाले काइल मेयर्स ने आईपीएल 2023 में अबतक खेले 8 मैच की 8 पारियों में 37.13 के औसत और 160.54 के स्ट्राइक रेट से कुल 297 रन बनाए हैं। जिसमें कुल चार अर्धशतक शामिल हैं। उनका सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 73 रन रहा है। ये पारी उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में खेली थी। 38 गेंद में 73 रन की पारी के दौरान मेयर्स ने 2 चौके और 7 छक्के जड़े थे। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 192. 11 का था।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article