GT vs KKR: नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 13वें मुकाबले में कोलकाता ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हरा दिया। मैच में जीत के हीरो रहे रिंकू सिंह जिन्होंने यश दयाल के आखिरी ओवर में 5 छक्के जड़े और आवश्यक 29 रन बना लिए। उन्होंने 21 गेंद पर 6 छक्कों की मदद से 48 रन की पारी खेली और कोलकाता को अप्रत्याशित जीत दिला दी। उन्होंने राशिद खान के हैट्रिक पर पानी फेर दिया, जिन्होंने 17वें ओवर की पहली तीन गेंद पर हैट्रिक लेकर मैच में गुजरात की वापसी करा दी थी।
यह आईपीएल 2023 में गुजरात की पहली हार है। केकेआर के सामने जीत के लिए 205 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने वेंकटेश अय्यर की शानदार 83 और बाद में रिंकु सिंह के विस्फोटक 48 रन की पारी के दम पर 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इससे पहले 205 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने 20 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया। जल्द ही कोलकाता को दूसरा झटका लगा जब एन जगदीशन आउट हुए। लेकिन वेंकटेश अय्यर और नितीश राणा ने तीसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी कर कोलकाता को मैच में वापसी करा दी। नितीश राणा 29 गेंद पर 45 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन वेंकटेश अय्यर दूसरी छोर से डटे रहे। उन्होंने 40 गेंद पर 83 रन की पारी खेली।
गुजरात ने बनाए 204 रन
इससे पहले गुजरात के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। गुजरात की तरफ से पारी की शुरुआत करने आए रिद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। रिद्धिमान साहा को सुनील नरेन ने 17 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। दूसरे विकेट के लिए शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने 67 रन की साझेदारी की। गिल 31 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हुए। जल्द ही गुजरात को तीसरा झटका लगा, जब अभिनव मनोहर 14 रन बनाकर आउट हुए। चौथे विकेट के लिए साई सुदर्शन और विजय शंकर ने 35 रन जोड़े, लेकिन सुदर्शन 53 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने लगातार दूसरी इनिंग में अर्धशतक जड़ा।
वियज शंकर की आतिशी पारी
विजय शंकर ने 24 गेंद पर नाबाद 63 रन की विस्फोटक पारी खेलकर गुजरात के स्कोर को 204 रन तक पहुंचा दिया। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 5 छक्के जड़े। उन्होंने 5वें विकेट के लिए डेविड मिलर के साथ मिलकर 15 गेंद पर 51 रन की साझेदारी की। केकेआर की तरफ से सुनील नरेन ने 3 और सुयश शर्मा ने 1 विकेट चटकाए।
